लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष होंगे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, I.N.D.I.A गठबंधन की बैठक में हुआ फैसला

Rahul Leader of Opposition: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निवास में हुई I.N.D.I.A की बैठक के बाद इसका ऐलान किया गया है। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया है। राहुल गांधी का नाम प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब को भेज दिया गया है। बता दें कि कल यानी 26 जून को सुबह 11 बजे से लोकसभा स्पीकर पद के लिए वोटिंग होगी। NDA से ओम बिड़ला और विपक्ष की ओर से के. सुरेश आमने-सामने हैं।
यह भी पढ़ें:- CM साय ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ के सांसदों के साथ खाया खाना
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि 18वीं लोकसभा में जनता का सदन सही मायनों में अंतिम व्यक्ति की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करेगा, जिसमें राहुल गांधी उनकी आवाज बनेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में मुझे विश्वास है कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक और मणिपुर से महाराष्ट्र तक देश के कोने-कोने में यात्रा करने वाला एक नेता लोगों की आवाज उठाएगा। खासकर वंचितों और गरीबों की। कांग्रेस पार्टी न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के अपने शाश्वत सिद्धांतों को कायम रखते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है। (Rahul Leader of Opposition)

वहीं JDU प्रवक्ता के.सी. त्यागी ने कहा कि लोकसभा स्पीकर का पद पारदर्शी होता है, इस पद को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए और शासक दल का ही व्यक्ति स्पीकर होना चाहिए क्योंकि उसके पास बहुमत होता है… कांग्रेस पार्टी के इस विद्वेशपूर्ण व्यवहार की वजह से TMC की नेता ममता बनर्जी ने अपने आपको अलग किया, उनका मानना है कि उम्मीदवार के चयन में उनसे सलाह नहीं ली गई। भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा, “जहां तक स्पीकर के चुनाव का सवाल है, NDA की ओर से आम सहमति बनाने के प्रयास किए गए, लेकिन ऐसा लगता है कि विपक्ष ने टकराव वाला रवैया अपना लिया है और स्पीकर चुनने के लिए एक साथ आने के बजाय उन्होंने अपना उम्मीदवार खड़ा कर दिया। (Rahul Leader of Opposition)


उन्होंने कहा कि हम सभी इसका परिणाम जानते हैं। 18वीं लोकसभा की शुरुआत समावेशिता के एकमत स्वर से हो सकती थी, महत्वपूर्ण विषयों पर एकजुटता से हो सकती थी, लेकिन ऐसा लगता है कि विपक्ष ने अलग प्राथमिकताएं तय कर रखी हैं… मुझे पूरा विश्वास है कि ओम बिरला विजयी होंगे और वे अगले पांच सालों तक लोकतंत्र को कायम रखने का काम जारी रखेंगे। विपक्ष नहीं चाहता कि ओम बिड़ला स्पीकर बनें, वे देश के लिए साथ मिलकर काम नहीं करना चाहते इसलिए वे नए-नए बहाने ढूंढ रहे हैं। बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती चुनाव है, लेकिन आजादी के बाद लोकतंत्र में कई परंपराएं स्थापित हुई हैं लेकिन कांग्रेस अपने अहंकार के कारण परंपराओं की अनदेखी करती है। उन्होंने कभी भी संवैधानिक परंपरा को स्वीकार नहीं किया, वे अपनी मर्जी चलाते हैं। (Rahul Leader of Opposition)




