Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, 20 से ज्यादा गांवों का टूटा संपर्क

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। मौसम विभाग ने मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है। लगातार हो रही बारिश का असर अब प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है। सूरजपुर में एक महीने पहले बना रपटा पुल तेज बहाव में बह गया, जबकि मुंगेली में मनियारी नदी पर बना कारीडोंगरी पुल पूरी तरह पानी में डूब गया। कई गांवों का जिला मुख्यालय और राष्ट्रीय राजमार्ग से संपर्क टूट गया है। बारिश का सबसे गंभीर असर सूरजपुर जिले में देखने को मिला है। यहां गोबरी नदी पर बना रपटा पुल तेज बहाव नहीं झेल सका और पूरी तरह टूट गया।

यह भी पढ़ें:- संसद का मानसून सत्र आज से: विपक्ष की आर-पार की रणनीति; पेपर लीक, परिसीमन और ‘वंदे मातरम्’ पर महासंग्राम के आसार!

ग्रामीणों का कहना है कि पुल का निर्माण करीब एक महीने पहले ही हुआ था। पुल टूटने के बाद डबरीपारा, बासापारा, शिवप्रसाद नगर समेत दर्जनों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय और नेशनल हाईवे-43 से कट गया है। ग्रामीणों को अब लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसकी जांच की मांग की है। उधर, मुंगेली जिले में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण मनियारी और आगर नदियां उफान पर हैं। मनियारी नदी पर स्थित कारीडोंगरी पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। इसके चलते लोरमी ब्लॉक के करीब 20 गांवों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन ने पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कर दिया है और लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की है।

जलभराव का खतरा बढ़ा

जिले के सभी छोटे-बड़े बांध लगभग भर चुके हैं। जलस्तर लगातार बढ़ने से प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि अगर बारिश का यही दौर जारी रहा तो कुछ क्षेत्रों में जलभराव और बढ़ सकता है। इससे पहले जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र स्थित कर्रा नाला बांध का एक हिस्सा तेज बारिश के कारण बह गया था। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया। वहीं बिलासपुर में लगातार बारिश से नेशनल हाईवे-49 पर कई जगहों पर चार से पांच फीट तक पानी भर गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई लोगों को बाइक धक्का देकर निकालनी पड़ी। निचले इलाकों की कॉलोनियों में घरों तक पानी पहुंच गया और कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मनेंद्रगढ़ में 80 मिमी, बिल्हा और मैनपुर में 70-70 मिमी, पाटन में 60 मिमी तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 50-50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकड़ेगा, बलौदाबाजार, पलारी और भाटापारा में 40-40 मिमी बारिश हुई। कई अन्य क्षेत्रों में भी 30 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुककर बारिश होने और गरज-चमक की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस समय तीन अलग-अलग मौसमी सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं। पहला झारखंड-बिहार के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन है, जो पूर्वी भारत से नमी लेकर छत्तीसगढ़ तक पहुंचा रहा है। दूसरा बिहार से बंगाल की खाड़ी तक फैली ट्रफ लाइन है, जो बारिश वाले बादलों को लगातार सक्रिय बनाए हुए हैं। तीसरा साइक्लोनिक सर्कुलेशन आंध्र प्रदेश और दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय है, जो बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी खींच रहा है। इन तीनों सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। (Rain Alert in Chhattisgarh)

शहर

अधिकतम तापमान

न्यूनतम तापमान

बिलासपुर

31 डिग्री

25 डिग्री

रायपुर

30.9 डिग्री

23.9 डिग्री

पेंड्रारोड

30 डिग्री

22 डिग्री

जगदलपुर

29.9 डिग्री

23.9 डिग्री

अंबिकापुर

28.2 डिग्री

24.1 डिग्री

राजनांदगांव

28 डिग्री

23.2 डिग्री

दुर्ग

27.8 डिग्री

23 डिग्री

प्रशासन ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रखा है। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें, मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करें और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। बारिश ने जहां एक ओर जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए राहत भी लेकर आई है। पर्याप्त बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिली है। हालांकि अत्यधिक बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और फसलों को नुकसान की आशंका भी बनी हुई है। आने वाले 48 घंटे प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। (Rain Alert in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!