मानसून की एंट्री के साथ बदला मौसम, प्रदेशभर में अलगे 4 दिन बारिश और बिजली गिरने का खतरा

Rain Alert in Chhattisgarh: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार छत्तीसगढ़ में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून अगले कुछ दिनों में मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों पहुंच जाएगा। मानसून की एंट्री के साथ ही प्रदेश के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज बारिश, अंधड़ और आकाशीय बिजली गरने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 24 से 48 घंटे तक अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने के आसार हैं।
यह भी पढे़ं:- चलती ट्रेन के इंजन से निकला धुआं, दहशत में ट्रेन से कूदने लगे यात्री, मची अफरातफरी
राजधानी रायपुर समेत आसपास के जिलों में बादल छाने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ की संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सोमवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। इसके बाद दुर्ग में 38.8 डिग्री, रायपुर में 38.5 डिग्री, बिलासपुर में 38.4 डिग्री और पेंड्रारोड में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री और जगदलपुर में 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया।
बस्तर में दिखा मानसून का सबसे ज्यादा असर
मानसून की पहली दस्तक का सबसे ज्यादा असर बस्तर संभाग में देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों में जगदलपुर में 50 मिमी, कुआकोंडा में 30 मिमी और बलरामपुर में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गीदम, गादीरस, कटेकल्याण और भैरमगढ़ में भी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बस्तर जिले में मानसून का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार 1 जून से अब तक जिले में 142.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले 10 सालों के औसत 112.6 मिमी से ज्यादा है। सोमवार सुबह जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। नानगुर तहसील में 15.3 मिमी, जगदलपुर में 10.8 मिमी, बस्तर तहसील में 9.5 मिमी तथा लोहांडीगुड़ा में 7.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे धान की बुवाई और खेतों की तैयारी को बड़ी राहत मिली है। (Rain Alert in Chhattisgarh)
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
दंतेवाड़ा के रास्ते छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री हो चुकी है और मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। फिलहाल मानसून की गतिविधियां बस्तर संभाग में सबसे ज्यादा सक्रिय नजर आ रही हैं, लेकिन आने वाले दिनों में इसका असर मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मानसून प्रदेशभर में कितनी तेजी से सक्रिय होता है और गर्मी से राहत के साथ किसानों के लिए कितनी खुशखबरी लेकर आता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।



