Google Analytics —— Meta Pixel

बस्तर में बाढ़ का संकट, लगातार बारिश से इंद्रावती और शबरी नदी क्षेत्र में हालात बिगड़े, वायुसेना के विमान से लोग एयरलिफ्ट

Rain in Bastar Division: बस्तर संभाग में लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने, निचले इलाकों में पानी भरने और कई सड़कों के बाधित होने से ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ आवागमन भी प्रभावित हुआ है। बीजापुर में इंद्रावती नदी पार माड़ क्षेत्र में गिरदावरी सर्वे के लिए गए पटवारी और सर्वेयर समेत 6 कर्मचारी बाढ़ के कारण फंस गए, जिन्हें एयरलिफ्ट कर सुरक्षित जिला मुख्यालय लाया गया। दूसरी ओर बस्तर जिले के डोंगाघाट में बाढ़ के बीच फंसे 18 नागरिकों को भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित निकाला गया। सुकमा जिले में भी हालात गंभीर रहे। सुकमा-कोंटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित होने के बाद कई स्थानों पर राहत शिविर बनाए गए।

यह भी पढ़ें:- 1 अक्टूबर से बदलेंगे जन्म-मृत्यु पंजीकरण के नियम, जानिए क्या होगा नया प्रावधान

जिला प्रशासन के मुताबिक 1400 से ज्यादा प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था की गई है। वहीं ओलेर और कुर्मीरास क्षेत्र में देर रात तक चले अलग-अलग रेस्क्यू ऑपरेशन में कुल 106 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों से रेस्क्यू, भोजन-पानी की आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का काम जारी है। बीजापुर जिले में गिरदावरी सर्वे कार्य के लिए पटवारी और सर्वेयर का छह सदस्यीय दल बड़ेपल्ली और गुट्टामंगी क्षेत्र में गया था। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनने के बाद सर्वे दल के छह सदस्य वहीं फंस गए। कर्मचारियों के फंसे होने की सूचना प्रशासन तक पहुंचने के बाद रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की गई। उन्हें एयरलिफ्ट कर बीजापुर जिला मुख्यालय लाया गया। जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद सभी छह कर्मचारियों का जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। जानकारी के अनुसार जांच में सभी की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य पाई गई। (Rain in Bastar Division)

डोंगाघाट में घरों तक पहुंचा बाढ़ का पानी 

जिला अस्पताल में कलेक्टर विश्वदीप की मौजूदगी में कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना गया। बाढ़ के बीच कई घंटों तक क्षेत्र में फंसे रहने के बाद सुरक्षित जिला मुख्यालय लौटे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। बस्तर जिले के डोंगाघाट क्षेत्र में भी लगातार भारी बारिश के कारण हालात बिगड़े। बाढ़ का पानी घरों में पहुंचने के बाद कई ग्रामीणों और छोटे बच्चों के छतों पर फंसे होने की स्थिति बनी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने बचाव अभियान शुरू किया। रविवार को भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मदद से यहां फंसे 18 नागरिकों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। यह अभियान ऐसे समय में चलाया गया, जब लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण कई इलाकों में सामान्य सड़क संपर्क प्रभावित था।

सुकमा में 1400 से ज्यादा लोगों के लिए राहत शिविर

बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा की निगरानी में राहत और बचाव अभियान संचालित किया गया। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने और नावों तथा अन्य माध्यमों से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक ले जाने का काम भी जारी बताया गया है। सुकमा जिले में लगातार बारिश और जलभराव के बीच प्रशासन ने कई स्थानों पर राहत शिविर बनाए। सुकमा-कोंटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित होने के बाद प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की गई। कोंटा विकासखंड के सामुदायिक भवन में करीब 550 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई। आसिरगुड़ा में लगभग 220 और बालक आश्रम एर्राबोर में करीब 60 नागरिकों के लिए व्यवस्था की गई। सुकमा जिला मुख्यालय में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जनपद शाला, शासकीय पीजी कॉलेज और पुसामीपारा में 600 से ज्यादा प्रभावित लोगों को आश्रय दिया गया।

इन राहत शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप लगाए गए हैं। लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सुकमा के पावरास, राजवाड़ा, पुसामीपारा और शबरीनगर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में राहत कार्य चलाया गया। नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम ने नाव के माध्यम से जलमग्न इलाकों में पहुंचकर 26 नागरिकों को सुरक्षित निकाला। सुकमा तहसीलदार गिरीश निंबालकर प्रशासनिक टीम के साथ नाव से बाढ़ प्रभावित बस्तियों तक पहुंचे। यहां घर-घर जाकर फूड पैकेट और शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया। राहत अभियान में प्रशासन के साथ पुलिस, एसडीआरएफ, पंचायत और अन्य विभागों की टीमें भी शामिल रहीं। बाढ़ की सबसे चुनौतीपूर्ण स्थितियों में से एक सुकमा के ओलेर और कुर्मीरास क्षेत्र में बनी। ग्राम पंचायत ओलेर के आश्रित ग्राम धुरमापारा में तेज बारिश के कारण शबरी और आकुर नाला के बीच जलभराव हो गया। यहां 38 घर प्रभावित हुए। (Rain in Bastar Division)

स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत की मदद से ट्रैक्टर के माध्यम से 50 लोगों को सुरक्षित स्थान पर निकाला गया। बाद में जलस्तर तेजी से बढ़ने पर रात करीब आठ बजे एसडीआरएफ की टीम नाव लेकर पहुंची और 12 अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस तरह धुरमापारा से कुल 62 लोगों को निकाला गया। दूसरी ओर शबरी नदी के तट पर बसे ग्राम कवासीरास के आश्रित गांव कुर्मीरास में भी बारिश के कारण 19 घर प्रभावित हुए। कवासीरास से जुड़े करीब दो किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना के बाद बचाव दल को रवाना किया गया। रात करीब 12 बजे एसडीआरएफ की टीम लगभग 1.8 किलोमीटर की दूरी तय कर गांव तक पहुंची और 44 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। ओलेर और कुर्मीरास को मिलाकर कुल 106 ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

नेलसनार में सड़क बंद, फंसे यात्रियों को कराया गया भोजन

बीजापुर जिले के भैरमगढ़ के समीप नेलसनार क्षेत्र में बाढ़ के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। सड़क अवरुद्ध होने से कई यात्री रास्ते में फंस गए। प्रशासन की ओर से ऐसे यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। 26 सितंबर को दिन के समय करीब 150 लोगों और रात में लगभग 70 यात्रियों को भोजन कराया गया। बाढ़ के कारण रास्ते में फंसे लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर राहत कार्य का हिस्सा रही। सुकमा में बाढ़ के बीच एक मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए भी रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा। आंध्रप्रदेश के कुड़मति निवासी 50 वर्षीय के. रामलू ओडिशा से बस में आंध्रप्रदेश जा रहे थे। रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तेज बुखार, सिरदर्द, सांस लेने में परेशानी और रक्तचाप की शिकायत हुई। बाढ़ के कारण रास्ता बाधित होने के बाद परिजनों ने स्थानीय सचिव के माध्यम से पुलिस जवानों को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ और राहत दल ने इंजरम से नाव की मदद से मरीज को सुरक्षित नाला पार कराया।

राहत शिविरों में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं

दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस टीम पहले से तैयार थी। मरीज को कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार बताया गया। बस्तर जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं को सक्रिय रखा गया है। जगदलपुर शहर के विभिन्न राहत शिविरों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। हाई स्कूल भैरमगंज, भगतसिंह हाईस्कूल, हाईस्कूल हाट कचोरा, टाउन हॉल, लालबाग मैदान के सामने, कृष्ण मंदिर, शुभ लगन वाटिका, वीर सावरकर चौक, डोंगाघाट हाईवे क्षेत्र और अब्दुल कलाम वार्ड सहित विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा व्यवस्था की गई है। मोबाइल मेडिकल यूनिट और एंबुलेंस को भी तैयार रखा गया है। बाढ़ के बाद डायरिया, बुखार, उल्टी और अन्य जलजनित तथा मौसमी बीमारियों का खतरा देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें शिविरों में जांच कर रही हैं।

पानी उतरने के बाद नुकसान के आकलन पर जोर

सुकमा जिला मुख्यालय के श्रीनगर, शबरीनगर, लाइनपारा, सम्राटनगर और बगीचापारा वार्डों में पानी उतरने के बाद प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू किया है। प्रभावित परिवारों से जानकारी लेकर मकानों और संपत्ति को हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है।प्रभावित इलाकों में टैंकरों के जरिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य शिविर लगाने, क्लोरीन की गोलियां और ब्लीचिंग पाउडर वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व विभाग को पात्र परिवारों के मुआवजा प्रकरण तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है। इस बीच प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले, पुल, घाट और तेज बहाव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। बाढ़ प्रभावित मार्गों पर अनावश्यक आवागमन नहीं करने और स्थानीय स्तर पर जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। (Rain in Bastar Division)

Back to top button
error: Content is protected !!