Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, धमकी के डर से महीनेभर रही खामोश, दो नाबालिग हिरासत में

रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में दो नाबालिगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी डर के कारण बालिका करीब एक महीने तक चुप रही। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में तबीयत बिगड़ने और चक्कर आने के बाद उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की है।

सहेली से मिलने पहुंची थी बालिका

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 सितंबर की बताई जा रही है। पीड़िता अपनी सहेली से मिलने उसके घर गई थी। उस समय सहेली घर पर मौजूद नहीं थी, जबकि वहां उसका भाई और एक अन्य नाबालिग मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने बालिका को अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद उसे किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

धमकी के डर से एक महीने तक नहीं बताई बात

घटना के बाद बालिका घर लौट आई, लेकिन डर के कारण उसने परिजनों को कुछ नहीं बताया। करीब एक महीने बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे। परिजनों ने जब परेशानी की वजह पूछी, तो उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

दोनों आरोपी भी नाबालिग

मामले में जिन दो किशोरों पर आरोप लगे हैं, उनकी उम्र 14 और 16 वर्ष बताई जा रही है। दोनों विधानसभा थाना क्षेत्र की एक आवासीय कॉलोनी में रहते हैं। जानकारी के मुताबिक, एक ने पढ़ाई छोड़ दी है, जबकि दूसरा नौवीं कक्षा का छात्र है।

POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई

पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर विधानसभा थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और बाल न्यायालय में पेश किया। वहां से दोनों को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Back to top button
error: Content is protected !!