Google Analytics —— Meta Pixel

Raipur Air Show: आज रायपुर के आसमान में दिखेगा वायुसेना का दम, सारंग टीम के हेलीकॉप्टर भरेंगे उड़ान, जानें टाइमिंग

Raipur Air Show :  छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के जश्न के बीच राजधानी रायपुर के लोगों को आज आसमान में रोमांचक नजारा देखने को मिलेगा। भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम 30 अक्टूबर, शुक्रवार को रायपुर के आसमान में उड़ान भरेगी। दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच हेलीकॉप्टर शहर के ऊपर से गुजरेंगे। इस दौरान शहरवासी अपने घरों की छतों और खुले स्थानों से भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की झलक देख सकेंगे।

25 मिनट तक आसमान में दिखेगा रोमांच

राज्योत्सव के अवसर पर होने वाले इस विशेष आयोजन को लेकर शहरवासियों में उत्साह है। आज निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12:20 से 12:45 बजे के बीच सारंग टीम के हेलीकॉप्टर रायपुर के आसमान में नजर आएंगे। यह नजारा खासकर बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहने वाला है। (Raipur Air Show)

स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से सुसज्जित है सारंग टीम

भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने शानदार हवाई करतब, बेहतरीन तालमेल और सटीक उड़ान कौशल के लिए देश-दुनिया में पहचान रखती है। टीम में स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव का इस्तेमाल किया जाता है। हवा में हेलीकॉप्टरों के बीच सटीक समन्वय और शानदार फॉर्मेशन इस टीम के प्रदर्शन को खास बनाते हैं। सारंग टीम भारतीय वायुसेना के साहस, अनुशासन और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन करती है। (Raipur Air Show)

2 नवंबर को नवा रायपुर में होगा भव्य एयर शो

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के तहत 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम द्वारा विशेष एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस दौरान टीम अपने रोमांचक हवाई करतबों से दर्शकों को आकर्षित करेगी।

इस मुख्य एयर शो से पहले 30 अक्टूबर को राजधानी के आसमान में सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान शहरवासियों के लिए खास आकर्षण बनने जा रही है। ऐसे में आज दोपहर रायपुर के आसमान पर लोगों की नजरें टिकी रहेंगी।

Back to top button
error: Content is protected !!