रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर चलती ट्रक में लगी आग, चालक-परिचालक ने कूदकर बचाई जान
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर आज मंगलवार तड़के एक चलती ट्रक में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सिमगा थाना क्षेत्र के दामाखेड़ा गांव के पास ओवरब्रिज पर ट्रक से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलती देख चालक और परिचालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सुबह 4:30 बजे ओवरब्रिज पर भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे ट्रक नेशनल हाईवे-130 से गुजर रहा था। इसी दौरान दामाखेड़ा गांव के पास ओवरब्रिज पर वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक से ऊंची लपटें उठने लगीं। खतरा भांपते हुए चालक और परिचालक ने तत्काल वाहन से छलांग लगा दी। दोनों सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।
पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इसके बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई, ताकि हाईवे पर यातायात सामान्य किया जा सके।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, कारणों की जांच
ट्रक में आग लगने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
एक दिन पहले इसी हाईवे पर गई थी पांच लोगों की जान
गौरतलब है कि सोमवार, 26 अक्टूबर को भी रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सिमगा थाना क्षेत्र के दरचुरा गांव के पास भीषण सड़क हादसा हुआ था। सुबह करीब 5:30 बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक यात्री बस टकरा गई थी। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत और 14 यात्रियों के घायल होने की जानकारी दी गई थी।
लगातार दो दिनों में एक ही हाईवे पर सामने आई इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर सुबह के समय कम दृश्यता और सड़क पर खड़े या खराब वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में हाईवे पर वाहनों की सुरक्षित पार्किंग, तकनीकी जांच और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।



