रायपुर में कल मीट-मटन की बिक्री पर ब्रेक, होटल-रेस्टोरेंट में भी नहीं मिलेगा नॉनवेज
रायपुर। राजधानी रायपुर में कल 8 नवंबर 2026, रविवार को मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश के पालन में रायपुर नगर निगम ने यह आदेश जारी किया है। प्रतिबंध के दायरे में शहर की सभी मांस-मटन दुकानें, पशुवध गृह, होटल और अन्य प्रतिष्ठान शामिल रहेंगे।
नगर निगम के आदेश के मुताबिक, 8 नवंबर को पूरे निगम क्षेत्र में कहीं भी मांस-मटन की बिक्री नहीं की जा सकेगी। होटल और रेस्टोरेंट में भी नॉनवेज परोसने पर रोक रहेगी। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर निगम का स्वास्थ्य विभाग इस आदेश का सख्ती से पालन कराने की तैयारी में है।
होटल-रेस्टोरेंट में भी नहीं मिलेगा नॉनवेज
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध केवल मांस-मटन की दुकानों तक सीमित नहीं रहेगा। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में भी मांस-मटन की बिक्री और परोसने पर रोक लागू होगी। ऐसे में 8 नवंबर को शहर के लोगों को इन प्रतिष्ठानों में नॉनवेज उपलब्ध नहीं होगा।
आदेश तोड़ने पर जब्त होगा मांस-मटन
प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम के जोन स्वास्थ्य अधिकारी और जोन स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करेंगे। इसके लिए दुकानों और संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाएगा।
यदि कोई दुकान, होटल या रेस्टोरेंट आदेश के बावजूद मांस-मटन बेचते या परोसते पाया जाता है, तो मौके पर ही सामग्री जब्त की जाएगी। साथ ही संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने सभी संबंधित दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से निर्धारित दिन प्रतिबंध का पालन करने की अपील की है।



