रायपुर में दवाइयों की आड़ में नशे का कारोबार, संगठित सिंडिकेट का खुलासा

Raipur Police Operation Nishchay: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दवाइयों की आड़ में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट सप्लाई करने वाले संगठित सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 17 हजार 808 नग टेबलेट, वाहन और मोबाइल जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में चार मेडिकल स्टोर संचालक और एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटि यानी एम.आर. को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें:- प्यार के चक्कर में युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, नाबालिग गर्लफ्रेंड भी झुलसी
आरोपियों ने रायपुर के पुरानी बस्ती, टिकरापारा, खमतराई और धरसींवा थाना क्षेत्रों में अवैध रूप से नशीली टेबलेट्स बेचने का नेटवर्क चलाया था। दरअसल, रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम और साइबर यूनिट को सूचना मिली कि पुरानी बस्ती के कुशालपुर स्थित रत्ना मेडिकल स्टोर में बिना वैध दस्तावेजों के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री हो रही है। पुलिस ने टेस्ट पर्चेसिंग के जरिए इसकी पुष्टि की और तुरंत रेड कर दुकान संचालक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सप्लाई चेन का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने अन्य तीन मेडिकल स्टोरों पर दबिश दी। (Raipur Police Operation Nishchay)

जांच में सामने आया कि नशीली टेबलेट्स जबलपुर से कोरियर और बस ट्रांसपोर्ट के माध्यम से रायपुर लाई जा रही थी। सभी आरोपियों के खिलाफ पुरानी बस्ती थाना में नारकोटिक ड्रग्स एक्ट (NDPS) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस के ऑपरेशन निश्चय का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य न सिर्फ नशे के मामूली कारोबार को रोकना है, बल्कि पूरा सप्लाई नेटवर्क खत्म करना है। पिछले कुछ महीनों में पुलिस ने शहर में MDMA, हेरोइन और अन्य प्रतिबंधित दवाओं के नेटवर्क को भी निशाना बनाया है। जांच में यह सामने आया है कि अब यह नेटवर्क सिर्फ स्थानीय दुकानों तक सीमित नहीं, बल्कि अंतरराज्यीय सप्लायर और सिंडिकेट्स तक फैल चुका है। (Raipur Police Operation Nishchay)

पुलिस के मुताबिक यह अभियान न सिर्फ आपराधिक गतिविधियों को रोकने बल्कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। रायपुर पश्चिम एएसपी डीआर पोर्ते ने बताया कि ऑपरेशन निश्चय का उद्देश्य पूरी सप्लाई चेन को समाप्त करना है। इसके तहत टीम न सिर्फ स्थानीय दुकानदारों बल्कि सिंडिकेट संचालकों, स्लीपर एजेंट्स और कोरियर नेटवर्क पर भी निगरानी रख रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि नशे के खिलाफ कार्रवाई तेजी से हो सके। विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की कार्रवाइयों से स्थानीय नशे के कारोबार और युवा वर्ग पर नकारात्मक प्रभाव कम करने में मदद मिलेगी।



