जन्मदिन पर शिक्षक दंपत्ति की अनूठी पहल, लभांडी स्कूल में बच्चों को कराया न्योता भोज
रायपुर। जन्मदिन पर खुशियां अपनों के साथ मनाने की परंपरा से आगे बढ़कर बच्चों के बीच खुशियां बांटने की प्रेरणादायी पहल शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी में देखने को मिली। यहां शिक्षक देवेंद्र कुमार साहू एवं उनकी धर्मपत्नी खुशबू साहू के जन्मदिवस के अवसर पर ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को फल, मिठाई और लेखन सामग्री वितरित की गई। बच्चों ने भी उत्साह के साथ केक काटकर शिक्षक का जन्मदिन मनाया।

छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुरूप आयोजित न्योता भोज का उद्देश्य विद्यार्थियों के पोषण स्तर में सुधार, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और विद्यालयीन गतिविधियों में समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इस आयोजन ने शिक्षा, पोषण और सामाजिक सरोकारों के सुंदर समन्वय की मिसाल पेश की।
फल-मिठाई के साथ लेखन सामग्री, बच्चों के चेहरे खिले
न्योता भोज के तहत शिक्षक देवेंद्र कुमार साहू ने विद्यालय के सभी बच्चों को फल, मिठाइयां और लेखन सामग्री वितरित की। इसके बाद भोजन मंत्र के उच्चारण के साथ बच्चों को मध्यान्ह भोजन कराया गया। उल्लेखनीय है कि विद्यालय में प्रतिदिन मध्यान्ह भोजन के समय भोजन मंत्र का उच्चारण किया जाता है।

शिक्षक दंपत्ति की इस पहल से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। देवेंद्र कुमार साहू ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
पार्षद प्रतिनिधि ने शाल भेंटकर किया सम्मान
समाजहित में की गई इस पहल की सराहना करते हुए वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जयंत साहू ने शिक्षक देवेंद्र कुमार साहू को शाल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सरकारी विद्यालयों और विद्यार्थियों के साथ समाज का जुड़ाव मजबूत करते हैं। साथ ही, बच्चों के बीच सकारात्मक वातावरण बनाने और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सम्मान समारोह के बाद विद्यालय के बच्चों ने केक काटकर शिक्षक देवेंद्र कुमार साहू का जन्मदिवस मनाया। इस दौरान बच्चों की खुशी और उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।
शिक्षक-शिक्षिकाओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जयंत साहू, प्रधानपाठक रघुवीर निषाद, शिक्षक पुरुषोत्तम बघेल, चंपेश कुमार गंजीर, राकेश पुरी गोस्वामी, हरीश चेलक, प्रेमदास सुल्तान सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
सभी ने शिक्षक दंपत्ति को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। आयोजन ने यह संदेश दिया कि छोटे-छोटे सामाजिक प्रयास भी बच्चों के जीवन में खुशियां लाने के साथ शिक्षा और समाज के बीच मजबूत संबंध स्थापित कर सकते हैं।




