Raipur wedding violence : रायपुर में शादी समारोह में बवाल, मेहमानों से मारपीट, गाड़ियां जलाईं; महिलाओं पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद

Raipur wedding violence : रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र स्थित नगरगांव में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा बवाल हो गया। असामाजिक तत्वों ने समारोह में हमला कर दिया, मेहमानों से मारपीट की और वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
यह भी पढ़ें :- Ahmedabad plane crash : विमान हादसे में 265 शव बरामद, PM मोदी पहुंचे घटनास्थल, DNA सैंपलिंग शुरू
जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 जून की रात 9:30 बजे की है। पीड़ित गजानंद निषाद ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे रूपेंद्र कुमार निषाद की शादी थी। तभी गांव के 12 से अधिक लोग घर पर पत्थर फेंकने लगे। आरोपियों ने बिजली की लाइन काट दी और मीटर भी तोड़ दिया। इसके बाद वे जबरन घर में घुस आए। (Raipur wedding violence)
आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुसते ही मेहमानों को जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया। बाहर खड़ी स्विफ्ट, स्कॉर्पियो और अन्य दोपहिया वाहनों को तोड़फोड़ कर आग के हवाले कर दिया गया। हालांकि परिवार ने आग बुझा ली।
इतना ही नहीं, शादी में मिले गिफ्ट और अन्य सामान को भी तोड़ दिया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हमले से लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद परिवार डरा-सहमा हुआ है और उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है। (Raipur wedding violence)
पुलिस ने मुकेश शर्मा, मुकुंद वर्मा, झुमूक निषाद, प्रदीप निषाद, मनीष साहू समेत 17 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है। धरसींवा थाना प्रभारी राजेन्द्र दीवान ने बताया कि घटना की शुरुआत महिलाओं पर की गई टिप्पणी से हुई थी, जिस पर दो पक्षों के बीच बहस हुई और देखते ही देखते झगड़ा उग्र रूप ले बैठा।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि विवाद के पीछे कुछ सामाजिक या धार्मिक कारण भी हो सकते हैं, लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। फिलहाल सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है और घटना की विस्तृत जांच जारी है। (Raipur wedding violence)



