Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाने की कोशिश कर रही है: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Rajnath Singh on Congress: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आप सभी जानते हैं कि दिल्ली में जो पिछले दिनों जो घटनाक्रम हुए हैं, वो सारे घटनाक्रम कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस और उनके राजनीतिक सहयोगी प्रत्यक्ष रूप से और अपने समर्थक संगठनों के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण के विचारों में लगाने की बजाय राजनीतिक टकराव और अराजकता फैलाने के साधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें:- अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, खनिज विभाग ने 6 हाइवा वाहन किए जब्त

उन्होंने कहा कि ये लोग बांग्लादेश की तर्ज पर रिजीम चेंज कराना चाहते हैं और प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलकर कहते हैं कि उसने रिजीम चेंज के लिए बांग्लादेश से प्रेरणा ली है और दूसरा डंके की चोट पर सरकार को गिराने की बात करता है। यह स्पष्ट करता है कि इनका एकमात्र एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को ध्वस्त करना और देश में आग लगाना है। रिजीम चेंज जैसे शब्दों के प्रयोग से स्पष्ट हो जाता है कि उनकी लड़ाई चुनाव सुधार के लिए नहीं, SIR के लिए नहीं, ज्ञानेश कुमार के लिए नहीं है, देश के नौजवानों के उज्जवल भविष्य के लिए नहीं है, बल्कि देश में अराजकता पैदा करके सत्ता हासिल करने की उनकी यह साजिश है। (Rajnath Singh on Congress)

कानून का सम्मान करना भी जरूरी: राजनाथ

रक्षा मंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानून का सम्मान करना भी जरूरी है। राजनीतिक दलों की खातिर संवैधानिक संस्थाओं की बलि नहीं दी जा सकती। लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर राजनीतिक व्यवधान पैदा करने के बजाय, राहुल गांधी को जन-जनादेश का सम्मान करना चाहिए और अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता पर विचार करना चाहिए। राहुल गांधी को मेरी यही सलाह है, जहां तक भारत के भविष्य की बात है तो इसकी जिम्मेदारी हम सबकी है। जब राजनीतिक स्वार्थ को सत्य और राष्ट्रहित से ऊपर रखा जाता है तो लोकतांत्रिक विमर्श तथ्यों और तर्कों की बजाय दुराग्रहों और दुष्प्रचार का शिकार हो जाता है।

राहुल गांधी पर जमकर साधा निशाना

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और उनके साथियों को यह समझना होगा कि लोकतंत्र, अराजकता फैलाने, संवैधानिक संस्थाओं पर चोट करने या भारत की विकास यात्रा में बाधा डालने का लाइसेंस नहीं है और सर्वोच्च न्यायालय की कल की गई टिप्पणी भी इसी ओर एक संकेत है। मेरा मानना है कि कांग्रेस के संरक्षण और उसके शासनकाल में कुछ ऐसे अपराध हुए, जो अभूतपूर्व थे। पहला अपराध 1975 में इंदिरा गांधी की ओर से लगाई गई इमरजेंसी थी। दूसरा अपराध 1984 में कांग्रेस के संरक्षण में सिख भाई-बहनों का नरसंहार था। तीसरा अपराध उन लोगों को बचाना था, जिन्होंने 1990 में राम भक्तों और कार सेवकों के खिलाफ खून की नदियां बहा दी थी। ऐसा करके उन्होंने अपनी सरकार को बचाया और चौथा अपराध वह नुकसान है, जो आज कांग्रेस संविधान, संवैधानिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं को पहुंचा रही है।

कांग्रेस ने EC को कठपुतली बनाकर रखा था: राजनाथ

उन्होंने कहा कि 1993 में कांग्रेस सरकार ने चुनाव आयोग में अचानक बदलाव कर दिया। रातों-रात चुनाव आयोग में 2 नए इलेक्शन कमिश्नर नियुक्त किए गए। मुख्य चुनाव आयुक्त एन. गोपालस्वामी ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर चुनाव आयुक्त नवीन चावला को पद से हटाने की सिफारिश की थी और उन्होंने ये आरोप लगाया था कि नवीन चावला ने चुनाव आयोग की संवेदनशील जानकारी कांग्रेस नेताओं के साथ साझा की थी, लेकिन कांग्रेस ने न केवल नवीन चावला को बचाने का काम किया, बल्कि उन्हें चीफ इलेक्शन कमिश्नर भी बनाया था, क्योंकि वो नेहरू गांधी परिवार के करीबी थे। कांग्रेस के इतिहास के पन्नों को पलटकर देखिए तो कई काले अध्याय आपको मिलेंगे। चुनाव आयोग और इस देश की चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी की कांग्रेस ने चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया को किस प्रकार अपनी कठपुतली बनाकर रखा था। (Rajnath Singh on Congress)

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 37 साल से सत्ता से बाहर है: राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि हमने कभी भी देश की चुनाव प्रणाली पर सवाल नहीं उठाए हैं। हमने संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश भी कभी नहीं की है। हमने हमेशा देश की जनता, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान किया है। मैं आपके सामने एक घटना का जिक्र करना चाहूंगा। पहले अगर चुनाव के दौरान किसी उम्मीदवार की मौत हो जाती थी तो आमतौर पर उस निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव टाल दिया जाता था। सिर्फ एक सीट के लिए पूरे चुनाव को टालने का कोई नियम नहीं है। आज हिंसा और अराजकता की जिस आग में कांग्रेस देश को झोंकना चाहती है और बांग्लादेश जैसी स्थिति का निर्माण करने का स्वप्न देख रही है, उसके आधार पर मैं कह सकता हूं कि अब गांधी नाम प्रयोग करने का सारा नैतिक अधिकार कांग्रेस ने पूरी तरह खो दिया है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 37 साल से सत्ता से बाहर है। ये वोट चोरी की वजह से है या काम चोरी की वजह से यह देश की जनता भलीभांति जानती है।

क्या सपा के बगैर राहुल रायबरेली की सीट जीतने का सामर्थ्य रखते हैं: राजनाथ

उन्होंने आगे कहा कि मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या समाजवादी पार्टी के बगैर आप अपनी रायबरेली की सीट भी जीतने का सामर्थ्य रखते हैं या नहीं। कांग्रेस का यह दावा कि जनता को उसकी बात पर भरोसा है, ये कितना खोखला है, उसका प्रमाण उत्तर प्रदेश ही दे रहा है। जब कांग्रेस की प्रदेश इकाई के नेताओं को ही एक दूसरे पर भरोसा नहीं है और वह एक दूसरे का विरोध करते हुए केवल मौखिक ही नहीं, बल्कि शारीरिक स्तर पर भी लड़ते दिखाई देते हैं। मैं कांग्रेस के लोगों से पूछना चाहता हूं कि क्या इसके लिए भी भाजपा जिम्मेदार है ? भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि जो देश तोड़ने की बात करे, जो तख्तापलट की बात करे, जो दंगे भड़काने की बात करे, जो विकास नहीं, विनाश की बात करे, जो देश की शांति, एकता और अखंडता को चुनौती दे। ऐसे लोगों को अराजक और देशविरोधी नहीं कहेंगे तो और क्या कहेंगे ? क्या ऐसे लोगों को कभी माफ किया जा सकता है ?

Back to top button
error: Content is protected !!