महादेव सट्टा ऐप का को-प्रमोटर रवि उप्पल दुबई में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी तेज, सौरभ चंद्राकर के बाद दूसरी बड़ी कार्रवाई

Ravi Uppal Arrest in Dubai: महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में जांच एजेंसियों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। ऐप के सह-संस्थापक और को-प्रमोटर रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। यह कार्रवाई महादेव सट्टा सिंडिकेट के दूसरे प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के महज तीन दिन बाद हुई है। भारतीय जांच एजेंसियों को रवि उप्पल की गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। हालांकि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की ओर से अब तक भारत सरकार को इस संबंध में आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) अब रवि उप्पल को प्रत्यर्पण के जरिए भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हैं।
यह भी पढ़ें:- 12 नवंबर तक CBI रिमांड पर महादेव सट्टा ऐप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर, ED ने भी मांगी 3 दिन की रिमांड
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले CBI और ED ने ऐप के प्रमोटर और रवि उप्पल के कारोबारी साझेदार सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाने में सफलता हासिल की थी। भारत पहुंचने के बाद सौरभ को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने जांच एजेंसी को आठ दिन की कस्टोडियल रिमांड दी। अब रवि उप्पल की गिरफ्तारी से जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि महादेव सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क, हवाला कारोबार और अवैध कमाई के लाभार्थियों के बारे में अहम जानकारियां मिल सकती हैं। ED की जांच के मुताबिक रवि उप्पल महादेव सट्टा ऐप के पूरे नेटवर्क में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। (Ravi Uppal Arrest in Dubai)
अक्टूबर 2023 में जारी हुआ था इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस
आरोप है कि वह सट्टे से होने वाली अवैध कमाई को अलग-अलग माध्यमों से ठिकाने लगाने और सैकड़ों करोड़ रुपए के हवाला लेनदेन को संभालने का काम करता था। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के नेताओं और नौकरशाहों से संपर्क बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उसके पास होने का आरोप है। जांच एजेंसियां अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंचाई गई और इस नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका थी। रवि उप्पल लंबे समय से जांच एजेंसियों की रडार पर था। अक्टूबर 2023 में उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसके बाद दिसंबर 2023 में दुबई के अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया था, लेकिन करीब 45 दिन बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद जनवरी 2024 में ED ने UAE से उसके प्रत्यर्पण का औपचारिक अनुरोध किया था। इसके बावजूद वह लंबे समय तक भारत की जांच एजेंसियों की पहुंच से बाहर रहा। अब दोबारा गिरफ्तारी की खबर के बाद उसे भारत लाने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
वानुअतु का पासपोर्ट हासिल करने का भी आरोप
ED के मुताबिक रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर ने भारत से बाहर रहने के दौरान वानुअतु की नागरिकता और वहां के पासपोर्ट हासिल किए थे। जांच में रवि उप्पल के पास वानुअतु का पासपोर्ट होने की जानकारी सामने आई है। उसके पासपोर्ट नंबर RV0168309 का उल्लेख किया गया है। इसमें जन्मतिथि 30 सितंबर 1980 दर्ज बताई गई है और पासपोर्ट की वैधता 28 जून 2022 से 27 जून 2032 तक बताई गई है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि विदेशी पासपोर्ट का इस्तेमाल विदेश में रहते हुए अपनी पहचान और आवाजाही को आसान बनाने के लिए किया गया होगा। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED लगातार आरोपियों की संपत्तियों पर कार्रवाई कर रही है। जनवरी 2026 में जांच एजेंसी ने फरार रवि उप्पल समेत अलग-अलग आरोपियों से जुड़ी करीब 21 करोड़ रुपए की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की थी। यह कार्रवाई कथित अवैध कमाई और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई थी। एजेंसी अब रवि उप्पल से पूछताछ कर संपत्तियों के स्रोत, पैसों के लेनदेन और विदेश में जमा की गई रकम के बारे में जानकारी जुटाना चाहती है।
क्या है वानुअतु, जिसका पासपोर्ट जांच में आया सामने ?
इस मामले में एक अन्य आरोपी विकास छपरिया भी दुबई में मौजूद बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां उसे भी भारत लाने की कोशिश कर रही हैं। रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर के बाद अन्य आरोपियों तक पहुंचना जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ED और CBI की कोशिश है कि महादेव सट्टा ऐप के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो और अवैध कमाई से जुड़े सभी लोगों की पहचान की जा सके। बता दें कि वानुअतु दक्षिण प्रशांत महासागर के मेलानेशिया क्षेत्र में स्थित एक द्वीपीय देश है। यह करीब 80 द्वीपों का समूह है और इसकी राजधानी पोर्ट विला है। यहां आर्थिक योगदान के आधार पर नागरिकता प्राप्त करने का प्रावधान भी रहा है। वानुअतु की नागरिकता और पासपोर्ट का नाम महादेव सट्टा ऐप मामले में इसलिए चर्चा में आया है, क्योंकि ED के अनुसार रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर ने इसकी नागरिकता हासिल की थी। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि विदेश में रहते हुए आरोपियों ने अपनी पहचान और वित्तीय गतिविधियों को किस तरह संचालित किया। (Ravi Uppal Arrest in Dubai)



