छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर, 48 घंटे की मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल, 8 जिलों में रेड अलर्ट, जानिए अगले 72 घंटे कैसा रहेगा मौसम ?

Red Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में आखिरकार मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। पिछले 48 घंटों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। कहीं सड़कें तालाब बन गई हैं तो कहीं घरों में पानी घुस गया है। नदी-नाले उफान पर हैं, कई जगहों पर रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हालात और गंभीर होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा और बालोद समेत आठ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के 15 जिलों में ऑरेंज और छह जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
यह भी पढ़ें:- डॉ. तीजन बाई के सम्मान में गनियारी के शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल का होगा नामकरण – शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलने, नदी-नालों से दूर रहने और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश का सबसे ज्यादा असर राजधानी रायपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद और बिलासपुर संभाग में देखने को मिला। कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा, जबकि निचली बस्तियों में लोगों को घरों के भीतर तक पानी घुसने की परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और अगले 24 घंटे में ओडिशा होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना है। यही मौसम प्रणाली प्रदेश में लगातार नमी पहुंचा रही है, जिसके कारण भारी से अति भारी बारिश का दौर बना हुआ है। (Red Alert in Chhattisgarh)
इन जिलों के लिए रेड अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब तक यह सिस्टम कमजोर नहीं पड़ता, तब तक प्रदेश में तेज बारिश जारी रहने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने कहा कि कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने जिला अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, जबकि आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमों को संवेदनशील इलाकों में तैनात रखा गया है। मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, उनमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा और बालोद शामिल हैं। इन जिलों में भारी से अति भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
सूरजपुर, अंबिकापुर, जशपुर, कोरिया, कोरबा, रायगढ़, बलरामपुर, कबीरधाम, राजनांदगांव, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, कांकेर और पेंड्रा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां भारी बारिश के साथ मौसम तेजी से खराब हो सकता है। वहीं नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। यहां मध्यम से भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। (Red Alert in Chhattisgarh)
रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट का क्या मतलब ?
रेड अलर्ट- यह मौसम विभाग की सबसे गंभीर चेतावनी होती है। इसका मतलब है कि बहुत ज्यादा खराब मौसम के कारण जान-माल को नुकसान होने का खतरा है। आमतौर पर 24 घंटे में 200 मिलीमीटर या उससे ज्यादा बारिश की संभावना होने पर रेड अलर्ट जारी किया जाता है। लोगों को घरों में रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है।
ऑरेंज अलर्ट- यह ‘तैयार रहें’ की चेतावनी होती है। मौसम अचानक गंभीर रूप ले सकता है और प्रशासन को पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए जाते हैं।
येलो अलर्ट- यह सतर्क रहने का संकेत होता है। मौसम खराब हो सकता है, लेकिन स्थिति फिलहाल नियंत्रण में रहती है।
रायपुर और दुर्ग में रिकॉर्ड बारिश
लगातार बारिश के बीच राजधानी रायपुर और दुर्ग जिले ने बारिश के पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। रविवार सुबह 8:30 बजे तक रायपुर में 154.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह इस मानसून की चौथी सबसे भारी बारिश मानी जा रही है। वहीं दुर्ग जिले में 181 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जिसने 55 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसके अलावा राजिम में 190 मिमी, छुरा में 160 मिमी, पाटन में 150 मिमी, राजनांदगांव में 146 मिमी, गोबरा नवापारा में 140 मिमी, माना एयरपोर्ट में 138.3 मिमी, अर्जुंदा में 130 मिमी, लाभांडी में 120 मिमी, गुंडरदेही में 120 मिमी, भिलाई में 110 मिमी, कोमाखान में 100 मिमी, मर्री बंगला देवरी में 100 मिमी, जांजगीर में 84 मिमी, आरंग में 83 मिमी, धमतरी में 79 मिमी, महासमुंद में 77 मिमी, गरियाबंद में 72 मिमी, अभनपुर में 68 मिमी, पलारी में 66 मिमी, बलौदाबाजार में 65 मिमी, कसडोल में 63 मिमी, सिमगा में 61 मिमी और तिल्दा में 60 मिमी बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया।
तापमान में आई भारी गिरावट
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| रायपुर | 26.1°C | 24°C |
| बिलासपुर | 32.6°C | 25.8°C |
| पेंड्रारोड | 34.2°C | 24°C |
| अंबिकापुर | 32.8°C | 25.6°C |
| जगदलपुर | 24.3°C | 23°C |
| राजनांदगांव | 26°C | 21°C |
रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। जून के अंत तक प्रदेश में बारिश की स्थिति बेहद चिंताजनक थी। 30 जून तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से लगभग 67 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड हुई थी। हालांकि जुलाई के शुरुआती दिनों में हुई तेज बारिश ने स्थिति में काफी सुधार किया है। 1 जून से 5 जुलाई तक प्रदेश में कुल 167.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 247.7 मिलीमीटर है। यानी अब बारिश की कमी घटकर 33 प्रतिशत रह गई है।मौसम विभाग को उम्मीद है कि अगर अगले दो-तीन दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही तो यह कमी और कम हो सकती है। जुलाई की शुरुआत में हुई लगातार बारिश के बाद प्रदेश के 10 जिले सामान्य बारिश की श्रेणी में पहुंच गए हैं। (Red Alert in Chhattisgarh)
8 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
सारंगढ़-बिलाईगढ़ और दंतेवाड़ा में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जबकि 19 जिले अभी भी सामान्य से कम बारिश वाले हैं। दो जिलों में स्थिति अभी भी बेहद कमजोर बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 8 जुलाई तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान कई जगह पर बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन न ले जाएं और मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों पर लगातार नजर रखें, जिससे अनहोनी से बचा जा सकें। (Red Alert in Chhattisgarh)



