शर्मसार हुए रिश्ते: पिता ने नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म, फर्जी कागजातों से अस्पताल में डिलीवरी कराकर बेचा नवजात, बुआ समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपनी नाबालिग बेटी से लगातार दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के गर्भवती होने के बाद उसकी उम्र बढ़ाकर उसे शादीशुदा बताने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के जरिए उसने एक बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि डिलीवरी के बाद नवजात को किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दिया गया।
मामले में पुलिस ने नाबालिग की शिकायत के आधार पर उसके पिता, बुआ समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
2023 से दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को 16 वर्ष से कम उम्र की पीड़िता ने न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में अमलीडीह स्थित एक रिश्तेदार के घर पर उसके पिता ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था।
पीड़िता ने डर के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। आरोप है कि इसके बाद भी पिता उसका शारीरिक शोषण करता रहा, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई।
गर्भपात कराने का भी आरोप
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी उसकी बुआ को हुई तो उसने यह बात उसके पिता को बताई। आरोप है कि इसके बाद पिता गर्भपात की दवा लेकर आया और बुआ के साथ मिलकर पीड़िता को जबरन दवा खिलाई तथा उसके साथ मारपीट की। इससे उसका गर्भपात हो गया।
पुलिस का कहना है कि इसके बाद भी पीड़िता के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म जारी रहा। वर्ष 2025 में वह दोबारा गर्भवती हो गई।
उम्र छिपाकर अस्पताल में कराया भर्ती
पुलिस जांच के अनुसार, दूसरी बार गर्भवती होने के बाद पीड़िता की वास्तविक उम्र छिपाने और नवजात को किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने की कथित साजिश रची गई। आरोप है कि पिता उसे वर्षा मंडल नाम की महिला के घर लेकर गया। बाद में वर्षा ने उसे अपनी परिचित गीता राय के घर भेज दिया, जहां वह करीब दो महीने रही।
पुलिस के मुताबिक, गीता राय ने पीड़िता की उम्र छिपाने के लिए कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार करवाए। दस्तावेजों में उसकी उम्र बढ़ाकर उसे शादीशुदा बताया गया। इसके बाद उसे डंगनिया स्थित वासुदेव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के जरिए उसने एक बेटे को जन्म दिया।
आरोप है कि डिलीवरी के बाद नवजात को किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता को डराने-धमकाने के बाद कुछ दस्तावेजों पर उसके हस्ताक्षर भी कराए गए।
छह आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पीड़िता का पिता (मुख्य आरोपी)
पीड़िता की बुआ
साहेब मंडल (42), ऋषभ नगर, रायपुर
बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल (34), ऋषभ नगर, रायपुर
रोहित कुमार राय (35), चंगोराभांठा, रायपुर
योगिता राय उर्फ गीता राय (32), चंगोराभांठा, रायपुर
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(F), 65, 336, 337, 61(2), 351(2), 115(2), 89 और 3(5), पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(N), 6 तथा जे.जे. एक्ट की धारा 81 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अब नवजात को सौंपे जाने की पूरी प्रक्रिया, कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े :- कोलकाता की पांच मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत, 17 अगस्त को भी गई थी 9 की जान



