Google Analytics —— Meta Pixel

बारिश में बढ़ा करैत का खतरा, भारत के सबसे जहरीले सांपों में शामिल, समय पर इलाज ही बचा सकता है जान

Risk of Snake Bite: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के साथ सर्पदंश के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। हाल के दिनों में प्रदेश के कई जिलों में करैत सांप के काटने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में करैत जैसे जहरीले सांप अपने बिलों में पानी भर जाने के कारण बाहर निकल आते हैं और रात के समय घरों, खेतों-झाड़ियों के आसपास पहुंच जाते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। करैत भारत के चार सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहता है। कई बार लोग जमीन या खाट पर सो रहे होते हैं और अनजाने में सांप के संपर्क में आ जाते हैं, जिससे सर्पदंश की घटनाएं होती हैं।

यह भी पढ़ें:- 3 दिन में सर्पदंश से 6 मौतें, बलरामपुर में करैत ने दो मासूम भाइयों की ली जान, जशपुर की महिला की भी मौत, कोरबा में दिखा 14 फीट लंबा किंग कोबरा 

विशेषज्ञ बताते हैं कि करैत का जहर सीधे शरीर के नर्वस सिस्टम पर हमला करता है। इसकी वजह से शरीर की मांसपेशियां धीरे-धीरे काम करना बंद कर देती हैं और समय पर इलाज नहीं मिलने पर मरीज की सांस रुक सकती है, जिससे मौत हो सकती है। करैत के डसने के बाद शुरुआती समय में दर्द या सूजन बहुत कम होती है। कई लोगों को यह सामान्य कीड़े के काटने जैसा महसूस होता है, जिसके कारण वे अस्पताल जाने में देर कर देते हैं। यही देरी कई बार जानलेवा साबित होती है। करैत खेतों, झाड़ियों, लकड़ी या ईंट के ढेर, पुराने सामान और घरों के आसपास भी आसानी से छिप जाता है। बारिश के मौसम में इसके घरों में घुसने की संभावना और बढ़ जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक करैत के काटने पर सबसे प्रभावी इलाज एंटी स्नेक वेनम है। इसलिए सर्पदंश होने पर बिना समय गंवाए मरीज को ऐसे सरकारी अस्पताल या मेडिकल कॉलेज ले जाना चाहिए, जहां एंटी-वेनम की सुविधा उपलब्ध हो। बरसात के दौरान सर्पदंश से बचने के लिए कुछ सामान्य सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है।

बारिश के मौसम में रखें विशेष सावधानी

  • रात में हमेशा मच्छरदानी लगाकर सोएं।
  • अंधेरे में चलते समय टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट का इस्तेमाल करें।
  • खेत, जंगल या झाड़ियों में जाते समय लंबे और मजबूत जूते पहनें।
  • पूरी बाजू के कपड़े पहनें ताकि शरीर का कम हिस्सा खुला रहे।
  • घर के आसपास लकड़ी, ईंट, खपरे या कबाड़ का ढेर न लगाएं।
  • झाड़ियों और आसपास की नियमित सफाई कराएं।
  • नालियों और झाड़ियों के पास कीटनाशक या ब्लीचिंग पाउडर जैसी तेज गंध वाली चीजों का उपयोग करें।

सांप काट ले तो भूलकर भी न करें ये गलती

सर्पदंश के बाद अक्सर लोग झाड़-फूंक या घरेलू इलाज में समय गंवा देते हैं, जिससे मरीज की हालत और गंभीर हो जाती है। विशेषज्ञों की सलाह है कि घबराएं नहीं और मरीज को शांत रखें। मरीज को कम से कम चलने-फिरने दें, ताकि जहर तेजी से शरीर में न फैले, जहां सांप ने काटा है वहां चीरा न लगाएं और जहर निकालने की कोशिश न करें। काटे गए हिस्से पर रस्सी या कपड़ा कसकर न बांधें, इससे रक्त प्रवाह रुक सकता है और अंग को नुकसान पहुंच सकता है। किसी भी तरह की झाड़-फूंक, जड़ी-बूटी या घरेलू नुस्खों पर भरोसा न करें। मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या मेडिकल कॉलेज पहुंचाएं, जहां एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध हो। सर्प विशेषज्ञों का कहना है कि सर्पदंश के अधिकांश मामलों में अगर मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाकर एंटी-वेनम दिया जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। इसलिए बारिश के मौसम में सतर्कता, जागरूकता और तुरंत इलाज ही सबसे बड़ा बचाव है। (Risk of Snake Bite)

Back to top button
error: Content is protected !!