मुंडन से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, 11 की मौत, बोलेरो में जिंदा जले 9 लोग

Road Accident in Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ। हादसे में 9 लोग बोलेरो में जिंदा जल गए, जबकि दो की अलग-अलग वाहनों में मौत हुई। दरअसल, मध्यप्रदेश से गिट्टी लादकर आ रहा एक ट्राला अचानक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया। तेज रफ्तार ट्राले ने पहले एक स्विफ्ट कार को टक्कर मारी और फिर सामने चल रहे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट कार ट्राले और ट्रक के बीच बुरी तरह फंस गई।
यह भी पढ़ें:- जशपुर में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, तीन लोग गंभीर रूप से घायल, रायपुर रेफर
इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो भी अनियंत्रित होकर ट्राले में जा घुसी। टक्कर के तुरंत बाद बोलेरो में जोरदार धमाके के साथ आग लग गई, जिससे उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि कोई भी पास जाकर मदद नहीं कर सका। कुछ ही मिनटों में पूरी बोलेरो आग की लपटों में घिर गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग बचाव में जुटे, लेकिन आग के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के मुताबिक बोलेरो सवार सभी लोग जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के रहने वाले थे। परिवार मध्य प्रदेश के मैहर से एक बच्चे का मुंडन कराकर लौट रहा था। (Road Accident in Mirzapur)

हादसे में 7 साल के शिवा और उसकी मां वंदना सिंह (38) समेत परिवार के कई सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में वीणा सिंह (47), पीयूष सिंह (15), सोनम, प्रियंका सिंह (42), कार्तिकेय सिंह (18), पंकज सिंह (40), सोनम (9) और बोलेरो चालक विष्णु (निवासी रामपुर) शामिल हैं। इसके अलावा स्विफ्ट कार चालक जय प्रकाश (27) सोनभद्र निवासी और ट्रक क्लीनर विकास (मध्य प्रदेश निवासी) की भी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और राहत कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल ट्रक क्लीनर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे की मुख्य वजह
मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह ट्राले का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है, जिसके कारण यह भीषण श्रृंखलाबद्ध टक्कर हुई। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार के लिए क्षति लेकर आया, बल्कि सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच की गंभीर जरूरत को भी उजागर करता है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। (Road Accident in Mirzapur)



