Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर, रायपुर समेत कई जिलों में 12 से ज्यादा मौतें, सड़क सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

Road Accidents in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। रायपुर से लेकर कोरबा, धमतरी, जगदलपुर और बिलासपुर तक अलग-अलग सड़क हादसों में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। पहला मामला राजधानी रायपुर के सेरीखेड़ी इलाके का है, जहां अल्ट्राटेक सीमेंट के मिक्सिंग प्लांट से जुड़े एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है।

यह भी पढ़ें:- जंगल में सो गई नशे में धुत पत्नी, नहीं उठी तो बौखलाया पति, डंडे से मारकर ले ली जान

मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने कंपनी गेट के सामने शव रखकर करीब 6 घंटे तक प्रदर्शन किया। कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष पप्पू बंजारे भी धरने पर बैठे और परिजनों का समर्थन किया। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस के मुताबिक गोलू यादव और राजू यादव काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी सरीखेड़ी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गोलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजू यादव ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। (Road Accidents in Chhattisgarh)

कोरबा में अलग-अलग हादसों में तीन की मौत

विरोध के बाद कंपनी प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की, जिसके बाद परिजन शांत हुए। फिलहाल आरोपी ट्रक चालक फरार है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। वहीं कोरबा जिले में भी दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना नकटीखार बायपास मार्ग पर कचंदी नाला के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। बालको नगर निवासी बहरूराम रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी ने एंबुलेंस पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। दूसरी घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के लखनपुर-सुतर्रा बायपास मार्ग की है, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल है और जिला अस्पताल में भर्ती है।

गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने चक्काजाम किया, जिसे प्रशासन की समझाइश के बाद खत्म कराया गया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है। इधर, जगदलपुर के नेशनल हाईवे-63 पर कोड़ेनार थाना क्षेत्र के किलेपाल में तेज रफ्तार पिकअप ने खड़े ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर के नीचे दबकर बामन मंडावी (29) और झीलू मंडावी (40) की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर को बिना किसी इंडिकेटर के रात के अंधेरे में सड़क पर खड़ा कर दिया गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं जगदलपुर के ही कुरुसपाल और टेमरा के बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। 

धमतरी में बाइक की आमने-सामने टक्कर

गंभीर चोटों के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुधापाल निवासी के रूप में हुई है। लोहंडीगुड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में बरबांधा निवासी संजय कोड़ोपी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे शादी का कार्ड देने जा रहे थे, तभी पहरियाकोना गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। बिलासपुर जिले के बरतोरी-कुरैली मार्ग पर बारातियों से भरी एक कार का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। 

बारातियों से भरी कार पेड़ से टकराई

अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर पलट गई, जिसमें सवार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पानी टैंकर की टक्कर से राजभान सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद पहचान में देरी हुई, लेकिन पुलिस ने मोबाइल के जरिए परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता सौरव मिश्रा ने परिवार को समर्थन दिया। कंपनी ने 3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और बीमा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए सहमति दे दी। (Road Accidents in Chhattisgarh)

सड़क सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

इन लगातार हो रहे हादसों ने प्रदेश में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार, नियमों की अनदेखी और निगरानी की कमी के कारण ऐसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की जाए। ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाए। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बन चुके हैं। जरूरत है सख्त ट्रैफिक नियमों, बेहतर निगरानी और जिम्मेदार ड्राइविंग की, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। (Road Accidents in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!