रायपुर में डकैती की साजिश नाकाम, स्कॉर्पियो सवार 6 आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त
रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए डकैती की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने दुर्गा नगर कैनाल रोड पर खड़ी एक स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक CG 23 J 6367) में सवार छह आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़े :- पीएम आवास निर्माण में बलौदाबाजार-भाटापारा छत्तीसगढ़ में अव्वल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना घट सकती थी।
इस तरह रची गई थी डकैती की साजिश
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी योजना पूरी तरह संगठित थी। योजना के तहत तीन आरोपी घर के भीतर घुसकर लूटपाट करते, दो आरोपी बाहर निगरानी में तैनात रहते और एक आरोपी स्कॉर्पियो वाहन में बैठकर फरारी के लिए तैयार रहता। वारदात के बाद सभी आरोपी उसी वाहन से फरार होने वाले थे।
हथियारों का जखीरा बरामद
स्कॉर्पियो वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने डकैती में उपयोग के लिए रखे गए हथियार बरामद किए। इनमें
- 1 तलवार
- 4 लकड़ी के डंडे
- 1 हॉकी स्टिक
शामिल हैं। बरामद हथियारों को जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने निम्नलिखित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- टिकेश शेन्द्रे उर्फ बिल्ला (30 वर्ष)
- आलोक साहनी (23 वर्ष)
- नितेश साहनी (24 वर्ष)
- शुभम साहनी (19 वर्ष)
- इंद्र कुमार उर्फ सुमित निषाद (25 वर्ष)
- कुंदन साहनी (26 वर्ष)
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4), 313 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। समय पर मिली सूचना और त्वरित पुलिस कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई।



