नई पीढ़ी को आदेश नहीं, संवाद की जरूरत, ताकत के दम पर सबके मालिक नहीं बन सकते: RSS प्रमुख मोहन भागवत

RSS Chief Mohan Bhagwat: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित विश्व मांगल्य सभा के एक सेमिनार में नई पीढ़ी, परिवार और समाज के बदलते स्वरूप पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी सवाल पूछती है, इसलिए उन्हें आदेश देने के बजाय संवाद के जरिए समझाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम मनमानी करेंगे, शक्ति के बल पर सबके मालिक बन जाएंगे, ऐसा नहीं हो सकता। भागवत ने कहा कि समय बदल चुका है और अब सिर्फ निर्देश देने से बात नहीं बनेगी। युवाओं को हर बात के पीछे का तर्क समझाना होगा। उन्होंने कहा कि आज का वातावरण मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया से प्रभावित है, जहां सही और गलत जानकारी दोनों तेजी से फैलती हैं। ऐसे में युवाओं को भ्रम और गलत सूचनाओं से बाहर निकालने की जिम्मेदारी परिवार और समाज दोनों की है।
यह भी पढे़ं:- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, कहा- भारत की युवाशक्ति ही इस देश की असली ताकत
उन्होंने कहा कि पहले माता-पिता की बात अंतिम मानी जाती थी। उस समय बच्चे बिना सवाल किए उनकी बात स्वीकार कर लेते थे, लेकिन अब नई पीढ़ी हर बात पर सवाल करती है और उसके पीछे का कारण जानना चाहती है। इसलिए परिवारों को भी अपने व्यवहार में बदलाव लाना होगा। RSS प्रमुख ने कहा कि आज बच्चों और युवाओं को सबसे ज्यादा अपनापन, समय और संवाद की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज डिक्टेशन नहीं, डिस्कशन की जरूरत है। ऑर्डर नहीं, कॉन्शसनेस यानी जागरूकता की जरूरत है। उन्होंने चिंता जताई कि आधुनिक जीवनशैली में परिवारों के भीतर बातचीत पहले की तुलना में काफी कम हो गई है। नियमित संवाद ही बच्चों और युवाओं को सही दिशा दे सकता है। सिर्फ आदेश देने से समाधान नहीं निकलेगा, बल्कि उनकी बात सुनना भी उतना ही जरूरी है।
पेपर लीक विवाद के बीच आया बयान
भागवत का यह बयान ऐसे समय आया है, जब देशभर में पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी छात्र कई प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि भागवत ने अपने संबोधन में किसी राजनीतिक मुद्दे का सीधा उल्लेख नहीं किया। वहीं 2 जुलाई को दिए गए अपने बयान में मोहन भागवत ने कहा था कि 1947 के विभाजन के बाद पाकिस्तान से भारत आने वाले लोगों को शरणार्थी कहना उचित नहीं है। उन्होंने उन्हें संघर्ष के योद्धा बताया और कहा कि उन्होंने अपनी कई पीढ़ियों की संपत्ति, कारोबार और जमीन छोड़कर भारत को चुना, क्योंकि यहां वे बिना भय के अपने धर्म का पालन कर सकते थे। (RSS Chief Mohan Bhagwat)
RSS कोई गुप्त संगठन नहीं: मोहन भागवत
15 जून को केरल के त्रिशूर में संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के दौरान रजिस्ट्रेशन के सवाल पर भागवत ने कहा था कि RSS कोई गुप्त संगठन नहीं है। उन्होंने कहा कि संघ खुले तौर पर काम करता है और सरकार उसके अस्तित्व से पूरी तरह परिचित है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 100 सालों में किसी सरकार ने संघ से रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं बताई। 7 फरवरी को दिए गए बयान में मोहन भागवत ने कहा था कि अगर संगठन उनसे पद छोड़ने को कहेगा तो वे तत्काल ऐसा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि RSS प्रमुख बनने के लिए किसी विशेष जाति का होना जरूरी नहीं है, जो व्यक्ति संगठन और समाज के लिए समर्पित होकर कार्य करता है, वही सरसंघचालक बन सकता है। इसी दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि वीर सावरकर को भारत रत्न दिए जाने से पुरस्कार की गरिमा बढ़ेगी। (RSS Chief Mohan Bhagwat)



