केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा के बाद बोले दीपके, कहा- झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए

Cockroach Janata Party: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है और यह इस्तीफा इस बात का गवाह है कि अगर आप लोग डरेंगे नहीं, अगर आप लोग इस सरकार के आगे नहीं झुकेंगे तो हम किसी का भी इस्तीफा ले सकते हैं। उन्होंने आगे कहा- डरने की कोई जरूरत नहीं है। यह लोकतंत्र है। उन्होंने इस्तीफा दे दिया है, लेकिन हमारी दो और मांगें हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है, लेकिन जिन बच्चों ने सुसाइड किया है, उनके परिवारों को एक करोड़ रुपए का मुआवजा मिलना चाहिए और दूसरा- ये पुलिस वाले गुंडे जिन्होंने 20 तारीख को एक्शन लिया। उसके लिए पुलिस अधिकारियों पर एक्शन होना चाहिए। याद रखना कॉकरोच से पंगा मत लेना।
यह भी पढ़ें:- नई पीढ़ी को आदेश नहीं, संवाद की जरूरत, ताकत के दम पर सबके मालिक नहीं बन सकते: RSS प्रमुख मोहन भागवत
दीपके ने कहा कि यह भारत के संविधान की जीत है। यह भारत के लोगों की जीत है। अभिजीत दीपके ने आगे कहा कि वे कहते थे, इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते, लेकिन झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए। कॉकरोच एक बार घुसता है तो निकलता नहीं। दिल्ली पुलिस अधिकारी याद रखें कि उन्होंने कॉकरोच से पंगा लिया है। हमने तो एक मंत्री का इस्तीफा ले लिया तो तुम लोग क्या चीज हो। छात्रों पर केस वापस होने चाहिए। भैया, ये लोकतंत्र है। मुझे एक महीने से लोग कहते थे कि क्या कर रहे हो, कब तक बैठोगे, ये इस्तीफा नहीं देंगे। ये मनमानी सरकार है, लेकिन हमने कर दिखाया। दीपके ने कहा कि मैं एक बहुत जरूरी बात कहना चाहता हूं। धर्मेंद्र प्रधान के आज इस्तीफा देने की वजह से मुझे हीरो मत बनाइए। यह गलती मत कीजिएगा। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के कारण मुझे हीरो मत बनाइए। एक व्यक्ति को हीरो बनाने की वजह से ही देश बर्बाद हुआ है। इस्तीफे के बाद CJP ने कहा कि कॉकरोच की जीत हुई।

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि जब तक हमारी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं और वे उन्हें लिखकर नहीं देते, हम कहीं नहीं जा रहे हैं। यह एक बहुत बड़ी जीत है। कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा कि अगर आप हमारी तीन मांगें लिखित रूप में मान लेते हैं तो हम घर चले जाएंगे। हमने देश भर में शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालने की अनुमति मांगी है। सभी को शाम 6:00 बजे देश भर में कैंडल मार्च निकालना चाहिए। इस बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके और अन्य लोगों ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन स्थल पर जश्न मनाया। बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी पिछले 36 दिन से जंतर-मंतर पर धरना दे रही है। (Cockroach Janata Party)




