RSS के मुखपत्र ‘ऑर्गेनाइजर’ का अमेरिका पर सीधा हमला, लिखा- लोकतंत्र के नाम पर फैला रहा तानाशाही और आतंकवाद
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच चल रहे टैरिफ विवाद पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मुखपत्र ऑर्गेनाइजर ने अमेरिका को कठघरे में खड़ा किया है। पत्रिका के संपादकीय में आरोप लगाया गया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लोकतंत्र और स्वतंत्रता के नाम पर दुनिया में तानाशाही और आतंकवाद फैला रहे हैं।
यह भी पढ़े :- RSS के मुखपत्र ‘ऑर्गेनाइजर’ का अमेरिका पर सीधा हमला, लिखा- लोकतंत्र के नाम पर फैला रहा तानाशाही और आतंकवाद
संपादकीय में कहा गया है कि स्वतंत्रता और लोकतंत्र के मसीहा होने का दिखावा करते हुए अमेरिका, व्यापार युद्ध और टैरिफ को संप्रभु देशों की स्वतंत्रता में हस्तक्षेप और उन्हें कमजोर करने के औजार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र (UN) और विश्व व्यापार संगठन (WTO) जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों को ऑर्गेनाइजर ने अप्रासंगिक और अक्षम बताया।

पत्रिका ने आरोप लगाया कि भारत के भीतर कुछ राजनीतिक नेता “नव-औपनिवेशकों” के एजेंट बनकर देश के सांस्कृतिक पुनर्जागरण को कुचलने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही कहा गया कि आर्थिक अनिश्चितता, सैन्य टकराव, तकनीकी एकाधिकार और पर्यावरणीय संकट से जूझ रही दुनिया अब भारत की ओर उम्मीद से देख रही है। भारतीय मूल्यों पर आधारित सतत, न्यायपूर्ण और समावेशी विकास मॉडल को ही इसका समाधान बताया गया है।
ऑर्गेनाइजर का कहना है कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद जिसे उदारवादी विश्व व्यवस्था की स्थायी जीत माना गया था, वह अब टूट रही है। दुनिया अस्थिरता, संघर्ष और अराजकता की ओर बढ़ रही है और एकध्रुवीय विश्व व्यवस्था पतन की ओर है।
संघ के मुखपत्र ने “वसुधैव कुटुम्बकम” के सिद्धांत को वैश्विक शांति की कुंजी बताते हुए स्वधर्म, स्वदेशी और स्वराज की भावना को पुनर्जीवित करने का आह्वान किया है।



