Google Analytics —— Meta Pixel

रूस का डूम्सडे प्लेन पहुंचा तेहरान, अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच बढ़ी वैश्विक हलचल 

Russia Doomsday Plane: मिडिल ईस्ट में लगातार बिगड़ते हालात के बीच रूस के सबसे सुरक्षित और रणनीतिक विमानों में शामिल Tu-214PU एयरबोर्न कमांड पोस्ट के तेहरान पहुंचने की खबर ने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। दुनियाभर में विमानों की लाइव लोकेशन ट्रैक करने वाली वेबसाइट फ्लाइटराडार 24 पर इस विमान की गतिविधि सामने आने के बाद इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यह कोई सामान्य VIP विमान नहीं है। Tu-214PU को रूस का एयरबोर्न कमांड सेंटर माना जाता है। इसमें अत्याधुनिक एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन सिस्टम, कमांड एंड कंट्रोल नेटवर्क, सुरक्षित डेटा लिंक और संकट के समय राष्ट्रीय नेतृत्व को लगातार सैन्य संचालन से जोड़कर रखने वाली तकनीक मौजूद है। इसी वजह से इसे रूस के सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक प्लेटफॉर्म में गिना जाता है।

यह भी पढ़ें:- रायपुर फैक्ट्री ब्लास्ट को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सख्त, मुख्य सचिव और DGP को जारी किया नोटिस

यह विमान ऐसे समय ईरान पहुंचा है, जब अमेरिका और ईरान के बीच लगातार सैन्य कार्रवाई जारी है। दोनों देशों की ओर से एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं। ऐसे माहौल में रूस के इस विशेष विमान की मौजूदगी को सिर्फ एक नियमित उड़ान नहीं, बल्कि बड़े भू-राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। Tu-214PU रूस के राष्ट्रपति और शीर्ष सैन्य नेतृत्व के लिए तैयार किया गया विशेष एयरबोर्न कमांड पोस्ट है। इसका संचालन रूस की विशेष सरकारी फ्लाइट यूनिट करती है, जो राष्ट्रपति और शीर्ष सैन्य अधिकारियों की उड़ानों की जिम्मेदारी संभालती है। इस विमान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि अगर जमीन पर मौजूद कमांड सेंटर किसी हमले में प्रभावित हो जाएं, तब भी देश का सर्वोच्च नेतृत्व इसी विमान से सेना, परमाणु कमांड, सुरक्षा एजेंसियों और सरकार के विभिन्न विभागों को निर्देश जारी कर सकता है। (Russia Doomsday Plane)

क्यों महत्वपूर्ण मानी जा रही है तेहरान की उड़ान ?

यही कारण है कि इसे अक्सर रूस का डूम्सडे प्लेन कहा जाता है। हालांकि यह अमेरिका के E-4B नाइटवॉच जैसा विशाल विमान नहीं है, लेकिन रूस की कमांड एंड कंट्रोल संरचना में इसकी भूमिका बेहद अहम मानी जाती है। विश्लेषकों का मानना है कि मौजूदा हालात में इस विमान का तेहरान पहुंचना कई संदेश देता है। पहला- रूस ईरान के साथ उच्च स्तर पर सीधे संपर्क बनाए हुए हैं। दूसरा- अगर क्षेत्रीय युद्ध और व्यापक होता है तो दोनों देशों के बीच सैन्य और रणनीतिक समन्वय बढ़ सकता है। तीसरा- यह अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए भी संकेत माना जा रहा है कि रूस पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हालांकि रूस ने इस उड़ान के उद्देश्य को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन इसकी टाइमिंग ने इसे बेहद महत्वपूर्ण बना दिया है।

सार्वजनिक नहीं होती इन मिशनों की जानकारी

Tu-214PU के मिशनों का रिकॉर्ड सामान्यतः सार्वजनिक नहीं किया जाता। यह विमान सिर्फ विशेष परिस्थितियों में उड़ान भरता है।यूक्रेन युद्ध के दौरान भी कई बार इसकी गतिविधियां सामने आई थीं, लेकिन रूस ने कभी इनके उद्देश्य की पुष्टि नहीं की। रूस के पास ऐसे कितने विमान हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई है। इसी गोपनीयता के कारण तेहरान पहुंचने की खबर को लेकर अंतरराष्ट्रीय रक्षा विशेषज्ञ लगातार इसकी रणनीतिक अहमियत का आकलन कर रहे हैं। इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव लगातार बढ़ रहा है। हाल के दिनों में दोनों देशों ने एक-दूसरे के खिलाफ कई सैन्य कार्रवाइयों का दावा किया है। (Russia Doomsday Plane)

होर्मुज स्ट्रेट बना सबसे बड़ा केंद्र

ईरान ने कुवैत, बहरीन और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। दूसरी ओर अमेरिका भी ईरान के कई सैन्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करने की बात कह चुका है। युद्ध का दायरा अब केवल दोनों देशों तक सीमित नहीं रह गया है। लेबनान, इराक, सीरिया और फारस की खाड़ी का पूरा इलाका इस तनाव से प्रभावित दिखाई दे रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक मौजूदा संघर्ष का सबसे संवेदनशील बिंदु होर्मुज स्ट्रेट बन चुका है। दुनिया के समुद्री तेल व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा इसी जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। यदि यहां किसी तरह की बाधा आती है तो पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। भारत, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे एशियाई देशों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

पोलैंड ने भारत के रुख का किया समर्थन

इस पूरे घटनाक्रम के बीच पोलैंड ने पश्चिम एशिया को लेकर भारत के रुख का समर्थन किया है। पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव टेओफिल बार्टोशेव्स्की ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट अंतरराष्ट्रीय व्यापार की जीवनरेखा है और यहां जहाजों की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों का प्रसार रोका जाना चाहिए, लेकिन मौजूदा विवाद का समाधान सैन्य कार्रवाई नहीं बल्कि बातचीत और कूटनीति से निकलना चाहिए। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक वित्तीय बाजारों में भी दिखाई देने लगा है।दक्षिण कोरिया का KOSPI इंडेक्स आठ प्रतिशत तक टूट गया, जिसके बाद कुछ समय के लिए ट्रेडिंग रोकनी पड़ी। तेल की कीमतों में भी तेज उछाल दर्ज किया गया है। (Russia Doomsday Plane)

ऊर्जा संकट और सप्लाई चेन पर गंभीर असर

निवेशकों को आशंका है कि अगर संघर्ष लंबा चला तो वैश्विक महंगाई, ऊर्जा संकट और सप्लाई चेन पर गंभीर असर पड़ सकता है। सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल दोनों पक्ष लगातार दबाव बनाने की रणनीति अपना रहे हैं। हालांकि पूर्ण क्षेत्रीय युद्ध की स्थिति अभी नहीं बनी है, लेकिन घटनाक्रम बेहद तेजी से बदल रहे हैं। रूस के विशेष कमांड विमान की तेहरान मौजूदगी ने इस पूरे संकट को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। आने वाले दिनों में मॉस्को की भूमिका, अमेरिका की अगली सैन्य रणनीति और ईरान की प्रतिक्रिया पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी। अगर तनाव और बढ़ता है तो इसका असर केवल पश्चिम एशिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, कूटनीति और सुरक्षा व्यवस्था पर भी व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!