Google Analytics —— Meta Pixel

साहू समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा से की मुलाकात, तेलीबांधा चौक को लेकर भ्रम दूर, नहीं बदलेगा नाम 

Sahu Samaj Delegation Meet Mayor: तेलीबांधा चौक का नाम बदलकर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ किए जाने को लेकर उपजे विवाद और भ्रम पर अब विराम लग गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के नामकरण की घोषणा के बाद तेलीबांधा चौक का नाम बदले जाने की चर्चा को लेकर साहू समाज ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। इसी सिलसिले में आज छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पदाधिकारियों ने रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा से मुलाकात कर समाज की ओर से अपनी बात रखी। नगर निगम में हुई चर्चा के बाद स्पष्ट हो गया कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जाएगा।

यह भी पढ़ें:- तेलीबांधा चौक का नहीं बदला जाएगा नाम, साहू समाज ने जताया था विरोध

महापौर मीनल चौबे ने साहू समाज के प्रतिनिधियों को स्पष्ट किया कि ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ का नामकरण तेलीबांधा चौक के स्थान पर नहीं किया जा रहा है। यह नाम रिंग रोड और तेलीबांधा थाना के तिराहे पर स्थित चौक को दिया जाएगा। नामकरण को लेकर बनी भ्रम की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जाएगा। इसके बाद साहू समाज की ओर से भी मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की बात कही गई। साहू समाज के पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और महापौर मीनल चौबे के समक्ष तेलीबांधा चौक के नाम से जुड़ी समाज की भावनाओं और आपत्ति को रखा। 

चर्चा में ये पदाधिकारी रहे शामिल

निगम अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को पूरे मामले की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। नगर निगम की ओर से चर्चा के लिए आमंत्रित साहू समाज के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कोषाध्यक्ष गोपाल साहू, प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू, प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ शशिकांत साहू, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू, एमआईसी सदस्य संतोष साहू, महामंत्री कमलनारायण साहू और संभाग संयोजक मनीष साहू सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। नामकरण को लेकर उठे सवालों के बीच हुई इस मुलाकात के बाद अब स्थिति साफ है “तेलीबांधा चौक अपनी पहचान के साथ कायम रहेगा, जबकि ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ का नाम रिंग रोड” तेलीबांधा थाना तिराहे पर प्रस्तावित चौक को दिया जाएगा। (Sahu Samaj Delegation Meet Mayor)

Back to top button
error: Content is protected !!