Google Analytics —— Meta Pixel

Sanjay Tripathi Murder Case: संजू त्रिपाठी हत्याकांड का मुख्य शूटर विनय यूपी STF की मदद से गिरफ्तार, एक लाख में ली थी हत्या की सुपारी

Sanjay Tripathi Murder Case : बिलासपुर जिले में चर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य शूटर विनय कुमार द्विवेदी उर्फ बासू उर्फ गुरुजी को बिलासपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ की मदद से वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शुक्रवार देर रात फतेहपुर मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान दबोच लिया गया।

विनय चित्रकूट जिले के मानिकपुर थाना अंतर्गत चमरौहा गांव का निवासी है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने एक लाख रुपये की सुपारी में संजू त्रिपाठी की हत्या की थी। फिलहाल पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 200 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस को शक है कि वह वाराणसी में किसी और वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

यह भी पढ़ें :- ATM scam Raipur : यूट्यूब से ट्रिक सिखकर एटीएम से 6 लोगों से हजारों की ठगी, नागपुर से आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को डेमो भी दिखाया

नेपाल भागने की फिराक में था शूटर

वाराणसी के बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह और एसटीएफ के एसआई शहजाद खान को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि विनय कपसेठी क्षेत्र से बड़ागांव की ओर पैदल जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर विनय को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि वह प्रतापगढ़ के एक लाख के इनामी बदमाश एजाज उर्फ सोनू से मिलने वाराणसी आया था और नेपाल भागने की तैयारी में था।

2022 में हुई थी हत्या, अब तक 21 गिरफ्तार

संजू त्रिपाठी की हत्या (Sanjay Tripathi Murder Case) दिसंबर 2022 में सकरी बायपास के पास गोली मारकर की गई थी। प्रारंभिक जांच में संजू के ही परिवार के सदस्यों की संलिप्तता सामने आई थी। इनमें मृतक का भाई कपिल त्रिपाठी, पिता जयनारायण त्रिपाठी, पत्नी सुचित्रा त्रिपाठी, मुंहबोली बहन कल्याणी और जीजा भरत तिवारी शामिल पाए गए थे।

अब तक इस केस (Sanjay Tripathi Murder Case) में 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार लोगों में आशीष तिवारी, रवि तिवारी, प्रेम श्रीवास, अमन गुप्ता, सुमित निर्मलकर, राजेंद्र सिंह ठाकुर, केदार सिंह, ताबिज अंसारी, अभिषेक मिश्रा, सावन पाठक और अन्य शामिल हैं। रवि सिंह को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। उसने कोर्ट में बताया कि उसे हत्या की जानकारी नहीं थी और वह केवल रायपुर जाने के लिए साथ गया था।

कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मामले

विनय के खिलाफ बिलासपुर, नोएडा, बिहार और वाराणसी में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी से संजू त्रिपाठी हत्याकांड (Sanjay Tripathi Murder Case) में और भी कड़ियां जुड़ेंगी और मामले की तह तक पहुंचा जा सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!