संतोष वर्मा पुनः निर्विरोध चुने गए कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक
सुभाष लांबा जी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय राज्य सहकारी कर्मचारी महासंघ की गरिमामय उपस्थिति में नवा रायपुर संयोजक का निर्वाचन सम्पन्न हुई।
नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की जिला शाखा नवा रायपुर के संयोजक पद पर संतोष कुमार वर्मा को एक बार फिर निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में आयोजित बैठक में उपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों ने उनके नाम का समर्थन किया। इसके बाद प्रांतीय पर्यवेक्षकों ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर जिला संयोजकों के निर्वाचन के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। इसी क्रम में नवा रायपुर जिला शाखा के संयोजक के चयन के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचालनालय विभागाध्यक्ष कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जय कुमार साहू ने संतोष वर्मा का नाम प्रस्तावित किया। उपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों ने ध्वनिमत से प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसके बाद निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई।
प्रांतीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुआ निर्वाचन
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष पवन शर्मा, महासचिव चंद्रशेखर तिवारी, प्रवक्ता पंकज पांडे, प्रदेश समन्वयक जी.आर. चंद्रा, फेडरेशन के सलाहकार बी.पी. शर्मा, लिपिक संघ के प्रांताध्यक्ष रोहित तिवारी, निःशक्तजन संघ के प्रांताध्यक्ष सी.एम. दीक्षित और प्रधान पाठक संघ के प्रांताध्यक्ष मनोज साहू सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष गजेंद्र साहू, प्राचार्य संघ के प्रांताध्यक्ष एम.आर. खान, पेंशनर्स संघ के महामंत्री उमेश मुदलियार और धमतरी जिला संयोजक चंदू लाल चंद्राकर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। सभी प्रांतीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
विभिन्न विभागों के कर्मचारी-अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अरण्य भवन, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, मंत्रालय, राज्य निर्वाचन आयोग और विभिन्न कर्मचारी संगठनों से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। इनमें उपसंयोजक जागेश्वर भट्ट, निशा यादव, बजरंग प्रजापति, राजेश ठक्कर और कांति सूर्यवंशी सहित अनेक कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित रहे।
संतोष कुमार वर्मा के दोबारा निर्विरोध जिला संयोजक चुने जाने पर उपस्थित सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। वहीं, संतोष वर्मा ने पुनः जिम्मेदारी सौंपने के लिए सभी कर्मचारियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।



