Google Analytics —— Meta Pixel

बिरयानी के लिए 700 रुपये की लूट, विरोध करने पर नाबालिग ने चाकू से कर दी हत्या; 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ स्थित ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, बिरयानी खाने और नशे के लिए पैसे जुटाने की नीयत से पांच युवकों ने बस स्टैंड पर सो रहे एक व्यक्ति को लूटने की कोशिश की। व्यक्ति के जागने और विरोध करने पर आरोपियों में शामिल एक नाबालिग ने उस पर बटन चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मृतक की जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांटकर ले गए। मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।

बस स्टैंड के पास मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह जूटमिल थाने को ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस अधिकारी, जूटमिल थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक की उम्र प्रारंभिक तौर पर 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी गई। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई गई।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में घटना के दिन वहां 15 से 16 वर्ष के कुछ लड़कों की मौजूदगी से जुड़े सुराग मिले। हुलिए के आधार पर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश दी और एक युवक समेत चार नाबालिगों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।

नशे के लिए करते थे चोरी और लूटपाट

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे का सामान खरीदने के लिए अक्सर कबाड़ चोरी करते थे। वे कथित तौर पर नशे में रहने वाले लोगों और रात के समय रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पर अकेले आने-जाने वाले व्यक्तियों को निशाना बनाते थे। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान उन्होंने बस स्टैंड पर सो रहे व्यक्ति को लूटने की योजना बनाई थी।

हत्या में इस्तेमाल चाकू और बाइक जब्त

पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बटन चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त की गई है। पुलिस ने हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!