Google Analytics —— Meta Pixel

सौम्या राठौर का सुप्रीम कोर्ट में लीगल असिस्टेंट कम रिसर्च एसोसिएट के पद पर चयन, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में भी पहला स्थान

Saumya Rathore of Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सौम्या राठौर का चयन भारत के सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली में लीगल असिस्टेंट कम रिसर्च एसोसिएट के पद पर हुआ है। सौम्या राठौर सुप्रीम कोर्ट में न्यायमूर्ति चंद्रशेखर की कोर्ट में अपनी सेवाएं देंगी। सौम्या राठौर, धनंजय राठौर, संयुक्त संचालक, जनसंपर्क संचालनालय, रायपुर और रोशनी राठौर, कम्पीयर, आकाशवाणी रायपुर की बेटी हैं। उनके सुप्रीम कोर्ट में चयन की खबर से परिवार, शुभचिंतकों और परिचितों में खुशी का माहौल है।

यह भी पढ़ें:- IIT बॉम्बे के टॉपर योगेश साहू ने KBC में जीते 50 लाख रुपए, IAS का सपना अब भी बरकरार

सौम्या राठौर ने अपनी पढ़ाई के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए MHCET परीक्षा में ऑल इंडिया 23वां स्थान हासिल किया। इसके बाद उन्होंने एशिया के सबसे पुराने विधि महाविद्यालयों में से एक Government Law College, Mumbai से Legal Science and LL.B. की शिक्षा पूरी की। कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद सौम्या ने न्यायिक और कानूनी क्षेत्र में अपने करियर की दिशा में लगातार आगे बढ़ते हुए अलग-अलग महत्वपूर्ण परीक्षाओं में सफलता हासिल की। (Saumya Rathore of Raipur)

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में भी पहला स्थान

सौम्या राठौर ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की लीगल असिस्टेंट परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद मार्च 2026 में उनका चयन छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में लीगल असिस्टेंट के पद पर हुआ। वह छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीश एन. के. चंद्रवंशी की कोर्ट में लीगल असिस्टेंट के रूप में काम कर रही थीं। अब सुप्रीम कोर्ट में चयन के साथ उनके कानूनी करियर को एक महत्वपूर्ण नई दिशा मिली है। देश की सर्वोच्च अदालत में न्यायमूर्ति चन्द्रशेखर की कोर्ट में लीगल असिस्टेंट कम रिसर्च एसोसिएट के रूप में कार्य करना उनके शैक्षणिक और पेशेवर सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

दोनों बहनों ने शिक्षा के क्षेत्र में बनाई पहचान

सौम्या राठौर की छोटी बहन शौर्या राठौर भी चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी पढ़ाई कर रही हैं। शौर्या राठौर Government Medical College, Jagdalpur से MBBS की पढ़ाई कर रही हैं। परिवार के मुताबिक सौम्या और शौर्या दोनों बहनें शुरू से ही मेधावी छात्राएं रही हैं और पढ़ाई के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करती रही हैं। एक बहन का देश की सर्वोच्च अदालत में कानूनी क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंचना और दूसरी बहन का मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना परिवार के लिए गर्व का विषय है। (Saumya Rathore of Raipur)

जांजगीर से रायपुर तक का सफर

सौम्या राठौर के पिता धनंजय राठौर मूलतः जांजगीर के निवासी हैं और वर्तमान में रायपुर में निवासरत हैं। जनसंपर्क विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे धनंजय राठौर और आकाशवाणी रायपुर में कम्पीयर के रूप में कार्यरत रोशनी राठौर के परिवार के लिए सौम्या की यह उपलब्धि विशेष खुशी का अवसर है। सौम्या राठौर की उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार का गौरव बढ़ाया है, बल्कि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए भी यह प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है कि निरंतर मेहनत, बेहतर शिक्षा और लक्ष्य के प्रति समर्पण के जरिए देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में स्थान बनाया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट में नई जिम्मेदारी मिलने के साथ सौम्या राठौर के कानूनी करियर के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!