Google Analytics —— Meta Pixel

IIT बॉम्बे के टॉपर योगेश साहू ने KBC में जीते 50 लाख रुपए, IAS का सपना अब भी बरकरार

Yogesh Sahu in KBC: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के टेहका गांव निवासी 23 साल के योगेश साहू ने ‘कौन बनेगा करोड़पति-18’ (KBC) में अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सूझबूझ का शानदार परिचय देते हुए 50 लाख रुपए की राशि जीत ली। अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे योगेश 1 करोड़ रुपए के सवाल तक पहुंचे, लेकिन जोखिम लेने के बजाय उन्होंने गेम क्विट करना बेहतर समझा। योगेश की सफलता इसलिए खास है, क्योंकि उनका सफर बेहद साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से शुरू हुआ। उनके पिता गयाराम साहू ड्राइवर हैं और परिवार की मासिक आय करीब 20 हजार रुपए बताई जाती है। सीमित संसाधनों के बावजूद योगेश ने कड़ी मेहनत के दम पर IIT बॉम्बे में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में प्रवेश लिया और संस्थान में टॉपर बने।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ न्यूज : शिशु संरक्षण माह, स्वस्थ बचपन और सुरक्षित भविष्य का आधार

उन्होंने पहली ही कोशिश में IIT में प्रवेश हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। IIT बॉम्बे से पढ़ाई पूरी करने के बाद योगेश को कैंपस प्लेसमेंट के जरिए करीब 18 लाख रुपए सालाना का नौकरी का ऑफर मिला। हालांकि उन्होंने आकर्षक करियर विकल्प को छोड़कर IAS अधिकारी बनने के अपने लक्ष्य को प्राथमिकता दी। वर्तमान में योगेश UPSC की तैयारी कर रहे हैं। KBC में योगेश ने 50 लाख रुपए के सवाल का सही जवाब देकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस सवाल को हल करने के लिए उन्होंने अपनी आखिरी लाइफलाइन ‘संकेत सूचक’ का इस्तेमाल किया। सवाल शहरों और नोबेल पुरस्कार से जुड़ा था, जिसका सही उत्तर तिरुचिरापल्ली था। (Yogesh Sahu in KBC)

यह रकम परिवार का बोझ हल्का करेगी: योगेश 

इसके बाद वे 1 करोड़ रुपए के सवाल तक पहुंचे, लेकिन जवाब को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं होने पर उन्होंने जोखिम लेने के बजाय 50 लाख रुपए लेकर गेम छोड़ने का फैसला किया। योगेश ने KBC के मंच पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि शो उनके जीवन में सही समय पर आया। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने अपने सपने का पीछा जारी रखा और अब KBC से मिली राशि उनके परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को कम करने में मदद करेगी। 

योगेश साहू की कहानी सिर्फ KBC में 50 लाख रुपए जीतने की कहानी नहीं है। यह सीमित साधनों के बीच बड़े सपने देखने, उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करने और सही समय पर सही निर्णय लेने की प्रेरक कहानी है। IIT बॉम्बे के टॉपर से KBC के विजेता तक का सफर तय करने के बाद अब उनकी नजर अपने अगले लक्ष्य IAS बनने पर है। छत्तीसगढ़ के इस युवा की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि परिस्थितियां सपनों की राह रोक सकती हैं, लेकिन मजबूत इरादे और निरंतर मेहनत मंजिल तक पहुंचने का रास्ता जरूर बनाते हैं। (Yogesh Sahu in KBC)

Back to top button
error: Content is protected !!