पेट्रोल बचाएं, भारत में ही मनाएं छुट्टियां; 24 घंटे में दूसरी बार बोले पीएम मोदी
PM Modi Appeal To Indians: पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। इसी बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों से सतर्कता बरतने और जीवनशैली में छोटे लेकिन प्रभावी बदलाव अपनाने की अपील की है।
गुजरात के वडोदरा में सरदार धाम हॉस्टल के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करना समय की जरूरत है। उन्होंने लोगों से कार पूलिंग अपनाने, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक उपयोग करने और जहां संभव हो, वर्क फ्रॉम होम एवं वर्चुअल मीटिंग्स को बढ़ावा देने की अपील की। (PM Modi Appeal To Indians)
प्रधानमंत्री ने स्कूलों और शिक्षण संस्थानों से भी ऑनलाइन क्लासेस को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है और इसका बेहतर उपयोग कर अनावश्यक यात्राओं को कम किया जा सकता है।
विदेशी सामान और सोने की खरीद टालने की सलाह
प्रधानमंत्री मोदी ने आर्थिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए लोगों से विदेशी उत्पादों की बजाय स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने फिलहाल सोने की खरीद टालने की अपील भी की।
उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता ही वर्तमान परिस्थितियों में सबसे बड़ा सहारा बन सकती है।
‘इस दशक का बड़ा संकट’
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया पिछले कुछ वर्षों से लगातार संकटों का सामना कर रही है। पहले कोरोना महामारी, फिर आर्थिक अस्थिरता और अब पश्चिम एशिया में बढ़ता संघर्ष वैश्विक चिंता का विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि यदि कोरोना इस सदी का सबसे बड़ा संकट था, तो पश्चिम एशिया का मौजूदा तनाव इस दशक के बड़े संकटों में शामिल हो सकता है।
भारत में ही करें शादी और छुट्टियां
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने लोगों से विदेशों में डेस्टिनेशन वेडिंग और छुट्टियां मनाने के बजाय भारत में ही आयोजन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत से बेहतर पर्यटन और सांस्कृतिक विविधता कहीं और नहीं है।
इसके अलावा उन्होंने खाने के तेल के सीमित उपयोग, ईंधन बचत और इलेक्ट्रिक बसों एवं मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन के अधिक इस्तेमाल पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि जिस तरह देश ने कोरोना महामारी का मजबूती से सामना किया, उसी तरह वर्तमान वैश्विक चुनौतियों से भी देश सफलतापूर्वक उबर जाएगा।
यह भी पढ़े :- पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करें, एक साल तक सोने के गहने न खरीदें : प्रधानमंत्री मोदी



