Google Analytics —— Meta Pixel

इकोनॉमी पर बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कहा- दुनिया आर्थिक चिंताओं से घिरी, भारत भरोसे से भरा

Semicon India 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को गति देने के उद्देश्य से आयोजित सेमीकॉन इंडिया-2025 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश-विदेश से आए सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों, स्टार्टअप उद्यमियों और छात्रों का स्वागत किया। PM मोदी ने कहा कि इस कार्यक्रम में 40-50 देशों के विशेषज्ञ मौजूद हैं। उन्होंने जोर दिया कि यह संयोजन इस बात का संदेश है कि दुनिया भारत पर भरोसा करती है और भारत के साथ मिलकर सेमीकंडक्टर का भविष्य गढ़ने के लिए तैयार है। भारत की युवा शक्ति व नवाचार क्षमता इस वैश्विक साझेदारी का अहम हिस्सा है।

यह भी पढ़ें:- AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमजरा पुलिस हिरासत से फरार, कांस्टेबल को मारी गोली, चढ़ाई स्कॉर्पियो

प्रधानमंत्री ने हाल ही में आए GDP आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने एक बार फिर हर अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन किया है। भारत की विकास दर 7.8% रही है और विनिर्माण, सेवा, कृषि व निर्माण सभी क्षेत्रों में उत्साह साफ़ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की तेज विकास दर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। PM मोदी ने कहा कि एक तरफ जब दुनिया भर की इकोनॉमी में चिंताएं हैं, आर्थिक स्वार्थ से पैदा हुई चुनौतियां हैं, उस माहौल के बावजूद भारत ने इस साल के पहली तिमाही में 7.8% की ग्रोथ रेट हासिल करके दिखाया है। यह वृद्धि मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस, कृषि और निर्माण समेत हर सेक्टर में दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री ने इसे भारत के आत्मविश्वास और मजबूत नीतिगत ढांचे का प्रमाण बताया।

PM मोदी ने कहा कि पिछली सदी तेल पर आधारित थी, लेकिन 21वीं सदी की ताकत चिप में केंद्रित है। उन्होंने कहा कि वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार पहले ही 600 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है और आने वाले वर्षों में यह 1 ट्रिलियन डॉलर को पार करेगा। भारत इस उभरते बाजार में बड़ी हिस्सेदारी निभाएगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि 2021 में शुरू हुए सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम के तहत अब तक 10 परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है। इन पर 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हो रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि सीजी पावर का पायलट प्लांट हाल ही में शुरू हुआ है। केनेस का पायलट प्लांट भी जल्द शुरू होने वाला है। माइक्रोन और टाटा के परीक्षण चिप पहले से उत्पादन में हैं।

उन्होंने कहा कि इस साल ही भारत वाणिज्यिक चिप उत्पादन शुरू कर देगा। PM मोदी ने कहा कि सरकार फाइल से फैक्ट्री का समय घटाने पर जोर दे रही है। राष्ट्रीय एकल खिड़की प्रणाली लागू की गई है ताकि सभी स्वीकृतियां एक जगह मिल सकें। साथ ही, देशभर में सेमीकंडक्टर पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें भूमि, बिजली, बंदरगाह कनेक्टिविटी और कुशल श्रमिक जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सेमीकंडक्टर डिज़ाइन प्रतिभा का 20% योगदान देता है। उन्होंने युवाओं और स्टार्टअप्स को आगे आने का आह्वान किया और कहा कि सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने डिज़ाइन लिंक्ड इंसेंटिव योजना और चिप-टू-स्टार्टअप कार्यक्रम का ज़िक्र करते हुए बताया कि इन्हें विशेष रूप से युवा उद्यमियों के लिए बनाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत अब एक व्यापक सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम बना रहा है, जिसमें डिज़ाइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग और हाई-टेक उपकरण शामिल होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं जब भारत की सबसे छोटी चिप दुनिया में सबसे बड़े बदलाव की आधारशिला बनेगी। वह दिन दूर नहीं जब भारत की सबसे छोटी चिप दुनिया में सबसे बड़ा बदलाव लाएगी। बेशक, हमारी यात्रा देर से शुरू हुई लेकिन अब हमें कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने सभी राज्यों से सेमीकंडक्टर इकोसिस्टसम बनाने और अपने क्षेत्रों में निवेश के वातावरण को बढ़ाने के लिए एक-दूसरे के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में शामिल होने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के मंत्र पर चलकर इस मुकाम तक पहुंचा है। अगली पीढ़ी के सुधारों का एक नया चरण जल्द ही शुरू किया जाएगा। उन्होंमने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर मिशन के अगले चरण पर काम चल रहा है। उपस्थित सभी निवेशकों को संबोधित करते हुए, उन्होंने खुले दिल से उनका स्वागत करने की भारत की तत्परता व्यक्त करते हुए कहा कि डिजाइन तैयार है। मास्क संरेखित है। अब सटीक निष्पादन और बड़े स्तरर पर वितरण का समय है। उन्होंने कहा कि भारत की नीतियां अल्पकालिक संकेत नहीं, बल्कि दीर्घकालिक प्रतिबद्धताएं हैं और आश्वासन दिया कि प्रत्येक निवेशक की जरूरतें पूरी की जाएंगी। प्रधानमंत्री ने आखिर में कहा कि भारत के प्रयासों का हर हिस्सा सफल हो, हर बाइट नवाचार से भरी हो और यह यात्रा त्रुटि-मुक्त और उच्च-प्रदर्शन वाली बनी रहे।

बता दें कि सेमीकॉन इंडिया- 2025 2 से 4 सितंबर तक चलने वाला तीन दिवसीय सम्मेलन है। यह भारत में एक मजबूत, उदार और दीर्घकालिक सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगा। इसमें सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम की प्रगति, सेमीकंडक्टर फैब और उन्नत पैकेजिंग परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे की तैयारी, स्मार्ट विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में नवाचार, निवेश के अवसर, राज्य-स्तरीय नीति कार्यान्वयन पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, इस कार्यक्रम में डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव (डीएलआई) योजना के अंतर्गत पहलों, स्टार्टअप इकोसिस्टम के विकास, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र के भविष्य के प्रारूप का भी उल्लेअख किया जाएगा। इसमें 20,750 से ज्यादा प्रतिभागी भाग लेंगे, जिनमें 48 से ज्यादा देशों के 2,500 से ज्यादा प्रतिनिधि, 50 से ज़्यादा वैश्विक नेताओं समेत 150 से ज्यादा वक्ता और 350 से ज़्यादा प्रदर्शक शामिल होंगे। इसमें 6 देशों की गोलमेज चर्चाएं, देश-स्तरीय मंडप और कार्यबल विकास समेत स्टार्ट-अप के लिए समर्पित मंडप भी शामिल होंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!