Google Analytics —— Meta Pixel

सनसनीखेज हत्या: प्रेमी ने कीचड़ में दबाकर गर्लफ्रेंड की हत्या की, तीन आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में प्रेम संबंध के चलते एक युवती की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। नवागढ़ थाना क्षेत्र में आरोपी प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड को खेत में ले जाकर कीचड़ में गले तक दबाकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़े :- बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य: मुख्य सचिव

मृतका की पहचान पूजा महंत (22) निवासी बरगांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रेमी प्रवीण प्रकाश चंद्र (28) ने पूछताछ में जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसे पूजा के किसी अन्य युवक से बातचीत करने का शक था और वह उसे समय नहीं देती थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में उसने हत्या कर दी।

खेत में मिली अर्धनग्न लाश

घटना 27 जनवरी की है। सुबह बरगांव स्थित रामेश्वर साहू के खेत में पूजा महंत की अर्धनग्न लाश कीचड़ में सनी हालत में मिली। किसान ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से खुला राज

पुलिस ने जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तड़के सुबह करीब 4:38 बजे दो युवक बाइक से जाते दिखे, जबकि कुछ ही मिनट बाद 4:45 बजे पूजा महंत मोबाइल पर बात करते हुए उसी रास्ते से अकेली गुजरती नजर आई।

जांच में सामने आया कि पूजा रात 12 से 1 बजे के बीच त्योहार से लौटकर घर पहुंची थी। इसके बाद सुबह करीब 4:45 बजे उसे कॉल आया और वह घर से बाहर निकली थी।

पूछताछ में टूटा आरोपी

संदेह के आधार पर पुलिस ने पूजा के प्रेमी प्रवीण प्रकाश चंद्र को कोरिया जिले के पटना से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के सामने उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

फरार कराने में भाई और दोस्त शामिल

एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि घटना के बाद आरोपी को फरार कराने में उसके भाई लव प्रकाश चंद्र (32) और दोस्त केशव चंद्र (34) ने मदद की थी। दोनों ने प्रवीण को शिवरीनारायण बस स्टैंड से बाहर भेजा। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!