Google Analytics —— Meta Pixel

सेवाग्राम प्रोजेक्ट पर विधानसभा में गरमाया माहौल, बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर और पूर्व CM भूपेश बघेल के बीच तीखी नोकझोंक

Sevagram Project of Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन नवा रायपुर में बनाए जा रहे सेवाग्राम प्रोजेक्ट को लेकर सदन में जमकर बहस हुई। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने परियोजना की वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसका जवाब देने की कोशिश की। इस बीच दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद चंद्राकर ने अपनी टिप्पणी से भूपेश बघेल की भावनाएं आहत होने पर सदन में खेद व्यक्त किया, जिस पर भूपेश बघेल ने उनका धन्यवाद किया। दरअसल, प्रश्नकाल में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने नवा रायपुर स्थित सेवाग्राम की वित्तीय और भौतिक स्थिति को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी से सवाल पूछा। उन्होंने जानना चाहा कि सेवाग्राम बनाने का निर्णय कब लिया गया, इसका उद्देश्य क्या है, कितनी राशि स्वीकृत हुई, कितना खर्च हुआ और इसके संचालन के लिए क्या कोई व्यवस्था या सेटअप तैयार किया गया है।

यह भी पढ़ें:- कामधेनु विश्वविद्यालय में उपकरण खरीदी पर विधानसभा में घमासान, बीजेपी विधायक ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, मंत्री बोले- कराएंगे जांच

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में बताया कि नवा रायपुर में सेवाग्राम बनाने का निर्णय 10 मार्च 2022 को लिया गया था। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य आजादी की लड़ाई के मूल्यों, महात्मा गांधी के आत्मनिर्भर ग्राम और रामराज्य की अवधारणा को आगे बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। यहां बायोडायवर्सिटी पार्क, इकोलॉजिकल पॉण्ड, विजिटर सेंटर, प्रेयर हॉल, म्यूजियम, लाइब्रेरी, स्थानीय क्राफ्ट की दुकानें, एम्फीथिएटर, सेवाश्रम, कलाकारों और प्रशिक्षुओं के आवास, क्लासरूम, वर्कशॉप, कॉमन किचन, चिकित्सालय और फ्रीडम वॉक जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। मंत्री ने बताया कि साल 2022-23, 2023-24 और 2024-25 में कुल बजट प्रावधान के तहत निर्माण कार्य कराए गए, जिनमें 104.05 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च हुए और निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सेवाग्राम के संचालन के लिए अभी तक कोई सेटअप स्वीकृत नहीं किया गया है।

विधायक चंद्राकर ने उठाए गंभीर सवाल

विधायक अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने बिना स्पष्ट योजना और संचालन व्यवस्था के करोड़ों रुपए खर्च किए। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूल बनाया गया, लेकिन संचालन की व्यवस्था नहीं है। अंतरराष्ट्रीय टेनिस अकादमी पर करोड़ों रुपए खर्च हुए, लेकिन उसका उपयोग स्पष्ट नहीं है। उसी तरह सेवाग्राम पर भी भारी राशि खर्च कर दी गई, जबकि संचालन का कोई ढांचा नहीं बनाया गया। उन्होंने पूछा कि आखिर फ्रीडम वॉक, राष्ट्र निर्माण प्रक्रिया और रामराज्य की संकल्पना जैसे शब्दों का व्यवहारिक अर्थ क्या है। उन्होंने कहा कि सिर्फ कुछ लाइनें लिखकर करोड़ों रुपए खर्च करना उचित नहीं है। चंद्राकर ने सरकार से पूछा कि क्या बिना सेटअप और बिना संचालन योजना के इतना बड़ा खर्च करना नियमों के अनुरूप है? क्या यह वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है? क्या बिजनेस रूल और बजट अधिनियम का उल्लंघन हुआ है? अगर नियमों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी?

मंत्री ओपी चौधरी ने दिया जवाब

उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति की इच्छा पूरी करने के लिए 200 करोड़ रुपए का लोकधन खर्च नहीं किया जा सकता। शासन जनता की इच्छा से चलता है, किसी व्यक्ति की इच्छा से नहीं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सेवाग्राम समेत जिन परियोजनाओं का उल्लेख किया गया, वे सभी पिछली कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुई थीं। उन्होंने कहा कि जब वर्तमान सरकार आई तो कई परियोजनाएं अधूरी थीं। सरकार ने उन्हें पूरा कराया, लेकिन फाइलों में इनके संचालन की विस्तृत योजना नहीं मिली। उन्होंने कहा कि सरकार अब इस बात पर काम कर रही है कि इन परियोजनाओं का बेहतर उपयोग हो और लोकधन का अधिकतम लाभ जनता को मिले। मंत्री ने आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी परियोजना में स्पष्ट योजना, संचालन व्यवस्था और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बहस के दौरान भूपेश बघेल और अजय चंद्राकर आमने-सामने

बहस के दौरान जब अजय चंद्राकर सेवाग्राम परियोजना पर सवाल उठा रहे थे, तब कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अध्यक्ष की अनुमति से बोलने के लिए खड़े हुए। इस पर अजय चंद्राकर ने कहा कि अभी प्रश्न मंत्री से पूछा जा रहा है और बीच में स्पष्टीकरण क्यों दिया जा रहा है। भूपेश बघेल ने जवाब दिया कि वे अध्यक्ष की अनुमति से बोल रहे हैं और उन्हें किसी से अनुमति लेने की जरूरत नहीं है। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भूपेश बघेल ने कहा कि ज्यादा ज्ञान होने से बहुत तकलीफ होती है। इस पर अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए कहा कि आपके ज्ञान को प्रदेश भुगत रहा है। स्थिति को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दोनों नेताओं को शांत कराया और मंत्री से जवाब देने को कहा। बहस के दौरान सेवाग्राम में कलाकारों के निवास का उल्लेख आने पर अजय चंद्राकर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सदन में भी कई कलाकार हैं, क्या वे भी वहां रहेंगे। इस पर भूपेश बघेल ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से कलाकार हैं, आपका तो पूरा खानदान कलाकार है। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच हल्की नोकझोंक हुई।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुस्कुराते हुए कहा कि दोनों रिश्तेदार और कलाकार हैं। इस पर अजय चंद्राकर ने कहा कि वे रिश्तेदार नहीं हैं, लेकिन भूपेश बघेल के चाचा उनके गुरु रहे हैं। इस पर अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी हल्के अंदाज में कहा कि तो गुरु भाई हो गए। प्रश्नकाल खत्म होने के बाद अजय चंद्राकर ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष की भावनाओं को आहत करना नहीं था। उन्होंने सदन में अपनी टिप्पणी पर खेद व्यक्त किया। इस पर भूपेश बघेल ने उनका धन्यवाद किया। सदन की कार्यवाही के बाद मीडिया से चर्चा में पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि वे अध्यक्ष की अनुमति से बोलने के लिए खड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर का सेवाग्राम वर्धा के सेवाग्राम की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इसकी घोषणा विधानसभा में हुई थी और बजट प्रावधान के तहत काम शुरू किया गया था। बघेल ने कहा कि अगर परियोजना में कोई कमी होती तो वर्तमान सरकार इसे आगे नहीं बढ़ाती। उन्होंने कहा कि अजय चंद्राकर अपने सवाल के दौरान किसी दूसरे सदस्य का बोलना पसंद नहीं करते।

Back to top button
error: Content is protected !!