
Shahid Diwas 2025: PM नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को शहीद दिवस (23 मार्च) पर नमन किया है। PM मोदी ने कहा कि आज हमारा राष्ट्र भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के सर्वोच्च बलिदान को याद करता है। स्वतंत्रता और न्याय के लिए उनका निडर प्रयास हम सभी को प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूमने वाले ये वीर सपूत न केवल हमारी आजादी की नींव हैं, बल्कि वे हर भारतीय युवा के लिए प्रेरणा-पुंज भी हैं। उनकी शहादत ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी और पूरे देश में क्रांति की चेतना जागृत की।
यह भी पढ़ें:- विधानसभा में गलत जानकारी देने के मामले में कई अफसरों पर गिरी निलंबन की गाज, पढ़ें पूरी खबर
उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का बलिदान आज भी हम सभी में राष्ट्रप्रेम की ज्योति को प्रज्वलित करती है। CM साय ने कहा कि उनका जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अमर शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर हम सभी यह संकल्प लें कि हम अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहेंगे, देशहित को सर्वोपरि मानेंगे और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। (Shahid Diwas 2025)
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने किया नमन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मां भारती के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद भगत सिंह, राजगुरु, और सुखदेव को ‘शहीद दिवस’ पर स्मरण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इन महान क्रांतिकारियों ने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि राष्ट्रप्रेम से बड़ा कोई कर्त्तव्य नहीं होता है। अपने शौर्य और ओजस्वी विचारों से युवाओं में देशभक्ति का संचार कर, राष्ट्रव्यापी स्वाधीनता आंदोलन की अलख जगाने वाले भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का बलिदान युगों-युगों तक देशवासियों को ‘राष्ट्र हित सर्वोपरि’ की प्रेरणा देता रहेगा। (Shahid Diwas 2025)