Google Analytics —— Meta Pixel

हल्बी भाषा के संरक्षण में विशिष्ट योगदान के लिए शकुंतला तरार सम्मानित

जगदलपुर। शहीद महेन्द्रकर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर, जगदलपुर एवं शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में हल्बी भाषा (Halbi Bhasha) की प्रतिष्ठित लेखिका शकुंतला तरार को उनके हल्बी भाषा (Halbi Bhasha) में सुदीर्घ लेखन, संरक्षण एवं उन्नयन हेतु विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : सावन में छलके कविता के रंग- शिव महापुराण अवसर पर अशोक नगर में कवि सम्मेलन हुआ संपन्न

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बस्तर अंचल की संपर्क भाषा हल्बी के साहित्य को सहेजने व समृद्ध करने में शकुंतला तरार का योगदान उल्लेखनीय है। उनके द्वारा रचित “शकुंतला चो लेजा गीत” संग्रह बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को समझने का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। अब तक उनकी हल्बी भाषा में पांच पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें से एक गीति-कथा का प्रकाशन साहित्य अकादमी, दिल्ली द्वारा किया गया है।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. श्रीवास्तव ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल  रमन डेका का संदेश पढ़ते हुए कहा कि प्रदेश की सभी भाषाओं एवं बोलियों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। हल्बी में रचित गीत बस्तर की संस्कृति का आईना हैं। इस अवसर पर शकुंतला को उनके हल्बी गीत संग्रह “शकुंतला चो लेजा गीत” — जिसमें 101 हल्बी लेजा गीत एवं उनके हिंदी अनुवाद शामिल हैं — के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से पद्मश्री बैद्यराज हेमचंद मांझी (नारायणपुर) एवं पद्मश्री अजय मंडावी (कांकेर) को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शकुंतला तरार द्वारा हिमाचल प्रदेश के शिमला में आयोजित आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय साहित्य महोत्सव में हल्बी व छत्तीसगढ़ी में किए गए रचना-पाठ का उल्लेख करते हुए बताया गया कि उन्होंने साहित्य अकादमी, दिल्ली के तत्वावधान में 157 भाषाओं के विश्व रिकॉर्ड में भाग लेकर बस्तर की हल्बी भाषा को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर गौरव दिलाया है।

कार्यक्रम में OSD (NEP) उच्च शिक्षा विभाग डॉ. डी. के. श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग डॉ. जी. ए. घनश्याम सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

शासकीय काकतीय महाविद्यालय के प्राचार्य ने स्वागत भाषण दिया, कार्यक्रम का संचालन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कुलसचिव, शहीद महेन्द्रकर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के जनप्रतिनिधि, साहित्यकार, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, छात्र-छात्राएँ एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। (Halbi Bhasha)

Back to top button
error: Content is protected !!