Google Analytics —— Meta Pixel

श्री महावीर देव मंदिर में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव, आधी रात तक गूंजे भक्ति गीत

Shri Mahavir Dev Temple: बलौदाबाजार जिला मुख्यालय के बजरंग चौक स्थित श्री महावीर देव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भक्तिमय माहौल में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं भक्तिमय गीत-संगीत का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। कार्यक्रम में जुड़ा गांव की संगीत टोली के द्वारिका वर्मा और साथी कलाकारों, बलौदाबाजार की भजन मंडली के लक्खू जायसवाल और साथी कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा से जुड़े भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। रात 8 बजे से शुरू हुआ भजन-कीर्तन और गायन का कार्यक्रम आधी रात 1 बजे तक चलता रहा। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला लगातार जारी रहा।

यह भी पढ़ें:- विकास की नई राह पर बलौदाबाजार- बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा और अधोसंरचना के विस्तार से संवर रहा ग्रामीण अंचल

रात 12 बजते ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की घोषणा के साथ मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण और नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति कर जन्मोत्सव की खुशी मनाई। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न हुए। मंदिर के सर्वराकार पं. अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि पिछले कई सालों से मंदिर परिवार की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समेत अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है।

इन आयोजनों में क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुरूप तन-मन-धन से स्वेच्छापूर्वक सहयोग करते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को शाम 4 बजे भगवान श्रीकृष्ण की छठ्ठी का कार्यक्रम महिलाओं की ओर से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है। (Shri Mahavir Dev Temple)

Back to top button
error: Content is protected !!