छत्तीसगढ़ में मतदाता सूचियों की जांच में तेजी, 69% प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन पूरा

SIR in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में 1 जनवरी 2026 के लिए मतदाता सूचियों के SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। 4 नवंबर 2025 से शुरू हुए इस राज्यव्यापी अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता विवरण जुटाने और उनके डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता से कर रहे हैं। 26 नवंबर तक प्रदेश में 1 करोड़ 45 लाख से ज्यादा गणना प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन पूरा किया जा चुका है। यह आंकड़ा प्रदेश के 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 पंजीकृत मतदाताओं के मुकाबले लगभग 69 प्रतिशत है।
यह भी पढ़ें:- भिलाई में एसआईआर सर्वे के दौरान बीएलओ पर हमला, जानिए क्या है पूरा मामला
वहीं डिप्टी CM विजय शर्मा ने कवर्धा दौरे के दौरान मतदान केंद्र पहुंचकर खुद अपना SIR फॉर्म भरा। वे कवर्धा के वार्ड क्रमांक-23 के मतदान केंद्र 238 पहुंचे, जहां बीएलओ से चर्चा कर फॉर्म भरा और लोगों को पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने फॉर्म में त्रुटियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। डिप्टी CM शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने का आवश्यक हिस्सा है और नागरिक अपने बीएलओ से संपर्क कर या ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं। उन्होंने बीएलओ के साथ बैठकर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा भी की।
सरगुजा कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोसकर ने शहर के कई वार्डों में SIR 2026 के अंतर्गत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उनके साथ अपर कलेक्टर सुनील नायक भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अग्रसेन वार्ड, महमायापारा, मायापुर, चांदनी चौक, अब्दुल शहीद हमीद और ठनगनपारा वार्डों में कार्य प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ के घर-घर सर्वे, प्रपत्र वितरण और संकलन की जानकारी ली। डिजिटालाइजेशन कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा। (SIR in Chhattisgarh)


उन्होंने मैदानी अमले से कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए हर चरण में पारदर्शिता और गंभीरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। वहीं रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-48 के दो बीएलओ ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उरला केंद्र 02 की बीएलओ मेनका साहू, मुचगहन केंद्र 326 की बीएलओ संतोषी माहेश्वरी और ग्राम पंचायत मुचगहन के सचिव हेमलाल साहू को शॉल-प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कलेक्टर ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में गुणवत्ता और समयबद्धता सबसे महत्वपूर्ण है, और इन अधिकारियों का कार्य अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणास्रोत है।




