Google Analytics —— Meta Pixel

दो दिन रायपुर में रहेंगी स्मृति ईरानी, प्रदेश भाजपा नेताओं के साथ करेंगी मंथन

भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी का पहला छत्तीसगढ़ दौरा, प्रदेश से जिला स्तर तक संगठन के कामकाज की करेंगी समीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के लिए पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगी। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी आएंगे। दोनों नेता 25 और 26 अक्टूबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे।

दौरे के दौरान स्मृति ईरानी प्रदेश संगठन की कार्यप्रणाली, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी लेंगी। बैठकों में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा सांसद, विधायक, जिला एवं संभाग प्रभारी तथा निगम-मंडलों से जुड़े पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

संगठन की गतिविधियों और तैयारियों पर रहेगा फोकस

स्मृति ईरानी की बैठकों में प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक संगठन के कामकाज की समीक्षा किए जाने की तैयारी है। पार्टी की गतिविधियों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होगी। इसके साथ ही प्रदेश के नेताओं से सीधे संवाद कर जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से जुड़ी जानकारी भी ली जाएगी।

प्रदेश प्रभारी का यह दौरा छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक कामकाज के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठकों के जरिए संगठन की प्राथमिकताओं और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।

पहले भी कई कार्यक्रमों में शामिल हो चुकी हैं स्मृति ईरानी

स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ से पहले भी जुड़ाव रहा है। वर्ष 2015 में उन्होंने रायपुर और दंतेवाड़ा में महिला सशक्तिकरण तथा महिला दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। वर्ष 2016 में वह रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के दीक्षांत समारोह में शामिल हुई थीं। इसके बाद 2017 में अभनपुर क्षेत्र के केंद्री में स्वच्छता कार्यक्रम में पहुंचीं।

वर्ष 2018 में केंद्रीय कपड़ा मंत्री के रूप में उन्होंने रायपुर में राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार समारोह में भाग लिया था। इसी वर्ष विधानसभा चुनाव के दौरान राजनांदगांव और डोंगरगांव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार भी किया। वर्ष 2022 में रायपुर और बिलासपुर में भाजपा महिला मोर्चा के कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी रही। वहीं, 2023 में वह बस्तर में आयोजित भाजपा की परिवर्तन यात्रा में भी शामिल हुई थीं।

अब प्रदेश प्रभारी की नई भूमिका में उनका रायपुर दौरा संगठन की समीक्षा और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!