Wayanad landslide : वायनाड में बारिश से अब तक 146 लोगों की मौत, रेस्क्यू में जुटी तीनों सेनाएं
Wayanad landslide: केरल के वायनाड जिले में भूस्खलन यानी लैंडस्लाइड के कारण सब कुछ तहस-नहस हो चुका है। वायनाड भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या 146 हो गई है। इस हादसे के बाद केरल सरकार ने 2 दिनों का शोक भी घोषित कर दिया है। दूसरी ओर भारतीय सेना, एनडीआरफ समेत विभिन्न विभागों ने वायनाड में बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है। आपको बता दें कि सेना ने करीब 1000 लोगों की जान बचाई है।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना ने वायनाड जिले में बचाव अभियान के दौरान एक अस्थायी पुल की मदद से करीब 1000 लोगों को बचाने में कामयाबी हासिल की है। इलाके में स्थायी अवसंरचना बह जाने के बाद एक सेना ने एक पुल बनाया था। बचाव अभियान में राज्य की टीम भी सक्रिय रूप से शामिल हैं तथा नौसेना और वायुसेना भी समान रूप से योगदान दे रही हैं।
ताजा अपडेट के मुताबिक, केरल के वायनाड में हुए लैंडस्लाइड (Wayanad landslide) के कारण अब तक कुल 146 लोगों की मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, इनमें से 143 शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा हो गया है। आधिकारिक रूप से 98 लोग लापता हैं लेकिन संख्या इससे ज्यादा भी हो सकती है।
अंग बरामद हो रहे
सूत्रों ने बताया, बचावकर्मियों को नदियों और कीचड़ से लोगों के अलग-अलग अंग बरामद हो रहे हैं। इसलिए त्रासदी (Wayanad landslide) में मारे गए लोगों की सही संख्या का पता लगाना मुश्किल हो गया है। यह स्पष्ट नहीं है कि जो अंग मिल रहे हैं, वे एक ही व्यक्ति के हैं या कई लोगों के हैं। मृतकों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों की मदद ली जा रही है। मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
राजनाथ ने सेना प्रमुख से की बात
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से फोन पर बात कर भूस्खलन प्रभावित वायनाड में बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी ली।
भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’
मौसम विभाग ने भूस्खलन प्रभावित वायनाड जिले में भारी बारिश की आशंका जताई है। इससे बचावकार्य प्रभावित होने की चिंता बढ़ गई है। विभाग ने वायनाड समेत उसके पड़ोसी जिलों मलप्पुरम, कोझिकोड और कन्नूर के लिए मंगलवार को रेड अलर्ट जारी किया। अनुमान है कि इन इलाकों में अगले बीस घंटे के दौरान भारी बारिश हो सकती है। वहीं, राज्यभर में अगले सात दिनों तक रुक रुककर भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।



