Google Analytics —— Meta Pixel

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, 3 और 12 साल के बच्चों की मौत

बालोद। जिले के देवरी थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। परसुली गांव के पास डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कार सवार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार को जब्त कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पिता के साथ बाइक पर निकले थे दोनों बच्चे

जानकारी के अनुसार, परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 से निकले थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 ने कथित तौर पर गलत दिशा में जाकर उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर डायल-112 और एंबुलेंस की टीम भी मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राजनांदगांव रेफर किया गया।

राजनांदगांव में उपचार के दौरान पवन सोनकर के 3 वर्षीय बेटे हिमांशु और 12 वर्षीय भतीजे नमन की मौत हो गई। वहीं पवन सोनकर का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कार छोड़कर फरार हुए चालक और उसका साथी

हादसे के बाद कार में सवार चालक और उसका साथी वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर फरार चालक और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है। मामले में पुलिस दुर्घटना के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!