श्रीनगर के पुलिस स्टेशन में ब्लास्ट, 9 की मौत, 29 घायल, दिल्ली ब्लास्ट मॉड्यूल से जुड़ रही कड़ियां

Srinagar Police Station Blast: श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार देर रात 11:22 बजे हुए जोरदार धमाके ने पूरे कश्मीर घाटी को दहला दिया, जिसमें एक तहसीलदार समेत 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 29 घायल पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारी अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। कई शव बुरी तरह जले होने के कारण पहचान प्रक्रिया जारी है। धमाके के बाद पुलिस स्टेशन को पूरी तरह सील कर दिया गया। FSL, बम निरोधक दस्ता, NIA और अन्य एजेंसियां घटनास्थल की फोरेंसिक मैपिंग कर रही हैं। मलबे से धातु के टुकड़े, जले हुए रसायन और इलेक्ट्रॉनिक अवशेष बरामद किए जा रहे हैं। शवों की पहचान डीएनए टेस्ट की मदद से की जा रही है। आसपास के घरों से भी विस्फोटक अवशेष जुटाए जा रहे हैं।
कैसे हुआ धमाका ?
अधिकारियों के मुताबिक नौगाम पुलिस स्टेशन में जब्त विस्फोटक की फोरेंसिक जांच चल रही थी। पुलिस और एफएसएल की टीम व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल के केस में पकड़े गए विस्फोटक का सैंपल ले रही थी, तभी अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पूरी थाना इमारत मलबे में तब्दील हो गई, कई गाड़ियां जलकर राख हो गई, आसपास के घरों के शीशे टूट गए और कुछ शवों के अंग 100 से 200 मीटर दूर तक बिखर गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। (Srinagar Police Station Blast)

कहां से आया विस्फोटक ?
धमाके में इस्तेमाल हुआ विस्फोटक हरियाणा के फरीदाबाद से जब्त किया गया था, जहां से पुलिस ने हाल ही में डॉ. मुजम्मिल गनई को गिरफ्तार किया था। गनई दिल्ली ब्लास्ट केस में पहले ही आरोपी है। गिरफ्तारी के बाद उसके किराए के घर से अमोनियम नाइट्रेट, पोटैशियम नाइट्रेट, सल्फर और IED मिक्सिंग के अन्य रसायन मिली कुल सामग्री 2900 किलो से ज्यादा बताई गई थी। इसी सामग्री का एक हिस्सा जांच के लिए श्रीनगर लाया गया था। धमाके के बाद मामले में आतंकी एंगल की जांच तेज हो गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा का विस्फोटक तभी सक्रिय होता है, जब उसे डेटोनेटर या फ्यूज से ट्रिगर किया जाए। यह जानना जरूरी है कि धमाका हैंडलिंग में चूक से हुआ या किसी ने जानबूझकर सक्रिय किया। इसी बीच जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े ग्रुप PAFF ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
जानिए कैसे खुली आतंकी मॉड्यूल की परतें ?
यह पूरा मॉड्यूल नौगाम पुलिस स्टेशन में ही दर्ज की गई एक FIR से शुरू हुआ था। पोस्टर चिपकाने से कड़ी खुली। दरअसल, अक्टूबर में नौगाम के बनपोरा इलाके में पुलिस और सुरक्षाबलों को धमकी देने वाले पोस्टर मिले। 19 अक्टूबर को केस दर्ज हुआ और एक स्पेशल जांच टीम बनाई गई। CCTV फुटेज के आधार पर तीन युवक गिरफ्तार हुए, जिसमें आरिफ निसार डार उर्फ साहिल, यासिर-उल-अशरफ और मकसूद अहमद डार उर्फ शाहिद शामिल हैं। ये सभी पहले पत्थरबाजी के मामलों में भी आरोपी रह चुके थे। (Srinagar Police Station Blast)

कबूलनामे में सामने आया इमाम का नाम
पूछताछ में सामने आया इमाम इरफान अहमद का नाम,जो पहले पैरामेडिक रहा और बाद में कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल हो गया। इस पर आरोप है कि इसी ने पोस्टर देने, युवाओं को कट्टर बनाने और डॉक्टरों से कनेक्शन जोड़ने का काम किया। जांच श्रीनगर से निकलकर फरीदाबाद स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी तक पहुंची, जहां से दो डॉक्टर मुजम्मिल अहमद गनई और डॉ. शाहीन सईद पकड़े गए। इनसे कई टन विस्फोटक कच्चा माल बरामद हुआ, जिसे दिल्ली और श्रीनगर में हमलों की तैयारी के लिए रखा गया था।

मॉड्यूल चलाने वाले तीन मुख्य डॉक्टर
पुलिस के मुताबिक यह मॉड्यूल तीन डॉक्टर संचालित कर रहे थे, जिसमें डॉ. मुजम्मिल गनई को गिरफ्तार कर लिया गया। डॉ. उमर नबी दिल्ली ब्लास्ट वाली कार में मारा गया। तीसरा डॉ. मुजफ्फर राथर फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इसके अलावा डॉ. अदील राथर समेत कुछ अन्य आरोपी भी फरार हैं। (Srinagar Police Station Blast)
दिल्ली ब्लास्ट से सीधा कनेक्शन
10 नवंबर शाम 6:52 बजे दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 के पास सफेद i20 कार में विस्फोट हुआ, जिसमें अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 20 घायल है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। केंद्र सरकार ने इसे आतंकी हमला घोषित किया है और कैबिनेट ने इस पर प्रस्ताव भी पास किया। नौगाम धमाका इसी दिल्ली मॉड्यूल में जब्त सामग्री से जुड़ा होने के कारण दोनों घटनाओं की जांच एक-दूसरे से जुड़ी हुई मानी जा रही है। नौगाम पुलिस स्टेशन पर हुआ धमाका सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक बड़े इंटर-स्टेट आतंकी मॉड्यूल की कहानी का अहम हिस्सा बनकर सामने आया है।
यह भी पढ़ें:- बिहार चुनाव में प्रचंड जीत के बाद किसानों को बड़ा तोहफा: पीएम मोदी 19 नवंबर को जारी करेंगे पीएम-किसान की 21वीं किस्त
श्रीनगर और दिल्ली ब्लास्ट को जोड़ने वाली कड़ियां सुरक्षा एजेंसियों के सामने एक चुनौती और चेतावनी दोनों हैं। श्रीनगर ब्लास्ट और दिल्ली ब्लास्ट दोनों को एक ही इंटर-स्टेट आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा माना जा रहा है। जांच में सामने आ रहा है कि डॉक्टरों का एक कट्टरपंथी नेटवर्क सिविलियन पहचान का फायदा उठाकर देशभर में बड़े हमलों की तैयारी कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियां अब विस्फोटक के स्रोत, ट्रिगर मैकेनिज्म और इस मॉड्यूल के बचे हुए सदस्यों की तलाश में जुटी हैं। जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई और खुलासे होने की संभावना है।



