वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ : 9 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, कई घायल
एकादशी के मौके पर उमड़ी थी भारी भीड़, मुख्यमंत्री नायडू ने जताया शोक
Kasibugga Temple Stampede : आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा कस्बे में स्थित प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में आज शनिवार को एकादशी के दिन मची भगदड़ (Kasibugga Temple Stampede) में कम से कम नौ श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, वहीं राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
यह भी पढ़े :- विशेष लेख : छत्तीसगढ राज्य के निर्माण किस तरह से हुआ, पढ़े पूरी खबर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एकादशी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान मुख्य द्वार के पास अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। कई श्रद्धालु गिर पड़े और कुछ लोग उनके नीचे दब गए।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि राहत दल और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए हैं। अब तक नौ शवों को बाहर निकाला जा चुका है और घायलों का उपचार चल रहा है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मंदिर परिसर से आई तस्वीरों में श्रद्धालु ज़मीन पर बेसुध हालत में पड़े दिखाई दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायडू ने जताया गहरा दुख
इस दर्दनाक हादसे (Kasibugga Temple Stampede) पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा –
“श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में मची भगदड़ ने मुझे व्यथित कर दिया है। यह बहुत दुखद है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने बताया कि अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लेने और सहायता कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया है।
मंत्री अत्चन्नायडू पहुँचे मंदिर परिसर
घटना की सूचना मिलते ही राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू मौके पर पहुँचे और मंदिर प्रशासन से हालात की जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंदिर क्षेत्र में अब अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और आगे किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश भी दे दिए हैं।



