जब नेता जी पहुंचे स्कूल तो बच्चों ने कहा – हमारे मास्टर कुर्सी में मोबाइल देखते- देखते सो जाते है..
अंबिकापुर. राष्ट्रीय पंचायत दिवस पर सरगुजा जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव सरगुजा जिले के सबसे अंतिम छोर पर बसे ग्राम पंचायत बकोई पहुंचे। ग्राम पंचायत बकोई प्रदेश के पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव का विधायक आदर्श ग्राम है। आदित्येश्वर ने बकोई गांव पहुंच वहां के लोगों की समस्याएं सुनीं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने बच्चों से स्कूल के विषय में जानकारी ली। इस दौरान स्कूल की सबसे अधिक शिकायत (School Complaint) मिली। एक स्कूल के छात्रों ने बताया कि हमारे सर तो सिर्फ मोबाइल देखते हैं और वहीं कुर्सी पर सो जाते हैं।
पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के विधायक आदर्श ग्राम बकोई के प्राइमरी स्कूल के बच्चों ने शिक्षक का नाम लेकर बताया कि शिक्षक स्कूल में केवल मोबाइल देखते रहते हैं और मोबाइल देखते हुए सो जाते हैं। वहीं झिंगाझरिया के बच्चों ने बताया कि स्कूल में खेल का सामान है, लेकिन उन्हें खेलने के लिए नहीं देते हैं।
वहीं स्कूल में अंडा एवं केला नहीं मिलने की भी बच्चों एवं अभिभावक ने जानकारी दी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने बच्चों से पहाड़ा एवं आमजनों से प्राप्त आवेदन को पढ़वा कर देखा। भेलवाडांड़ आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर होने की जानकारी भी कार्यकर्ता ने दी। साथ ही बकोई ग्राम पंचायत के प्राइमरी स्कूल में अतिरिक्त कक्ष की मांग भी लोगों ने की।
आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश
जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर ने लोगों से पूछा क्या आपके खून, आंख, दांत की जांच होती है। लोगों ने कहा आंगनबाड़ी में जांच होती है, साथ ही स्वास्थ्य विभाग को 27 अप्रैल को शिविर लगा कर एनीमिया, हिमोग्लोबिन, आयरन, आंख-दांत एवं अन्य जांच एक-एक व्यक्ति के करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड भी सबका बनाने के निर्देश दिए। कुछ लोगों ने व्यक्तिगत सोलर लाइट की मांग की, वहीं पेयजल हेतु पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है। हैंडपम्प कई खोदे गये हैं, लेकिन कोई भी 100 प्रतिशत सक्सेस नहीं है।



