लद्दाख में छात्रों का हिंसक प्रदर्शन, भाजपा दफ्तर फूंका, 4 की मौत, 70 घायल

Student Protest in Ladakh: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने और भारतीय संविधान की छठी अनुसूची के तहत विशेष अधिकार देने की मांग को लेकर लेह में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय और एक CRPF वाहन में आग लगा दी गई। वहीं पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों की संख्या हजारों में थी, जिसमें ज्यादातर छात्र और युवा शामिल थे। घटना में अब तक 4 लोगों की मौत और 70 से ज्यादा लोगों घायल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री मोदी के विज़न के साथ कदमताल करते हुए छत्तीसगढ़ विकसित भारत का हिस्सा बनेगा – मुख्यमंत्री साय
जानकारी के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। भाजपा कार्यालय और CRPF की एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। लेह हिल काउंसिल के बाहर लगी बैरिकेडिंग तोड़ी गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रशासन ने हालात काबू में करने के लिए धारा 144 लागू कर दी है, जिसके तहत पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी गई है। साथ ही किसी भी रैली, मार्च या जुलूस के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य कर दी गई है। यह विरोध प्रदर्शन सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में शुरू हुआ। (Student Protest in Ladakh)

वांगचुक पिछले 15 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे, जिनकी प्रमुख मांगें थी-लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देना। छठी अनुसूची के तहत आदिवासी सुरक्षा और अधिकार देना। हालांकि सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन न मिलने पर मंगलवार रात को लद्दाख बंद का ऐलान किया गया था, जिसके बाद बुधवार को स्थिति हिंसक हो गई। प्रदर्शन के हिंसक हो जाने के बाद वांगचुक ने अपने अनशन को खत्म करने की घोषणा की और युवाओं से अपील की। साथ ही कहा कि यह लद्दाख के लिए दुख का दिन है। हमने हमेशा शांति का रास्ता अपनाया, लेकिन आज की हिंसा हमारे 5 वर्षों की मेहनत पर पानी फेर रही है। मैं लद्दाख की युवा पीढ़ी से अपील करता हूं कि इस बेवकूफी को बंद करें। हिंसा हमारा रास्ता नहीं है। (Student Protest in Ladakh)

उन्होंने आगे कहा कि हमने दिल्ली तक पैदल मार्च किया, शांतिपूर्वक आवाज उठाई, लेकिन सरकार ने अनदेखी की। आज की घटना उसी हताशा का नतीजा है। जेनरेशन Z बेरोजगार है, अधिकारों से वंचित है, यही सामाजिक अशांति का कारण बन रहा है। बता दें कि प्रदर्शनकारियों ने सोशल मीडिया के जरिए मंगलवार रात को ही लद्दाख बंद की घोषणा कर दी थी। लोगों से अपील की गई थी कि वे बुधवार सुबह लेह हिल काउंसिल के सामने एकत्र हों। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे, जिससे स्थिति बिगड़ती चली गई। (Student Protest in Ladakh)




