बिलासपुर में 9वीं कक्षा की छात्रा ने की आत्महत्या, स्कूल वालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप

Student Suicide in Bilaspur: बिलासपुर जिले के नेवसा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 9वीं कक्षा की 15 साल की छात्रा पूनम रजक ने कथित रूप से स्कूल में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना ने गांव में हड़कंप मचा दिया है और छात्रा के परिजन-ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि स्कूल के प्राचार्य और एक शिक्षक पूनम को बार-बार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। बताया गया है कि छात्रा को स्कूल में अन्य छात्रों के सामने बाल पकड़कर घसीटा गया और डंडों से पीटा गया। उसके शरीर पर चोटों के गहरे निशान भी पाए गए हैं। इस घटना से ग्रामीणों और छात्र संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
यह भी पढ़ें:- नाबालिग बहन को प्रेमी संग देखकर भाई ने खोया आपा, युवक को बेल्ट से जमकर पीटा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने तुरंत तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। इस समिति में रतनपुर के प्राचार्य केएल फरवी, टेकर हाई स्कूल की प्राचार्या नशीम बेगम और बिल्हा की बीईओ दीप्ति गुप्ता शामिल हैं। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वे दो दिन के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपें। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच में अगर स्कूल प्रशासन की कोई लापरवाही या दोष पाया गया तो विद्यालय की मान्यता रद्द करने समेत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग इस मामले को लेकर गंभीर है और दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। परिजनों का कहना है कि पूनम ने कई बार इस उत्पीड़न की शिकायत की, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते छात्रा की मानसिक स्थिति बिगड़ती गई और उसने यह दुखद कदम उठा लिया। (Student Suicide in Bilaspur)
जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
घटना के बाद नेवसा गांव के लोग और आसपास के छात्र संगठन स्कूल प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। ग्रामीणों ने स्कूल प्राचार्य और शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। छात्र संगठनों ने इस घटना को शिक्षा व्यवस्था की विफलता करार देते हुए दोषियों को सजा देने की आवाज बुलंद की है। यह घटना बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था की कमियों को उजागर करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्कूलों में बच्चों के प्रति दुर्व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लेना और त्वरित कार्रवाई करना जरूरी है। अब पूरे जिले की निगाहें इस जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि किस प्रकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे। इस घटना ने न केवल छात्रा के परिवार को गहरा सदमा दिया है, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज की जागरूकता को भी नई दिशा दी है। (Student Suicide in Bilaspur)



