चलती पुलिस गाड़ी बनी आग का गोला, पुलिसकर्मियों ने कूदकर बचाई जान, पढ़े पूरी खबर
सुकमा के कुम्हाररास में कलेक्टर कार्यालय के पास चलती पुलिस वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन में सवार पुलिसकर्मियों ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई।

सुकमा। कुम्हाररास स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास सुकमा पुलिस की शासकीय वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। चलती वाहन से आग की लपटें उठती देख उसमें सवार पुलिसकर्मियों ने तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन में आग लगने के बाद कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं और पूरा वाहन धू-धूकर जलने लगा। घटना से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिसकर्मियों के समय रहते वाहन से बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
घटना कुम्हाररास स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। हादसे में पुलिस वाहन के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़े – सरकारी खाते से 26.87 लाख ट्रांसफर, बैंक क्लर्क गिरफ्तार; बैंक रिकॉर्ड से खुला मामला



