सूरजपुर में 20 लाख के कर्ज में डूबे शख्स ने की मां और बेटे की हत्या, 13 दिन बाद शिक्षिका की सहेली का पति गिरफ्तार

Surajpur Murder Case: पैसे का लालच जब इंसानियत पर भारी पड़ जाए तो रिश्तों की पहचान और भरोसे की कीमत भी खत्म हो जाती है। 20 लाख रुपए के कर्ज की किस्त चुकाने की चाहत में एक शख्स ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। पहले पैसों के लिए एक शिक्षिका की बेरहमी से हत्या की और फिर अपने अपराध का राज खुलने के डर से उसके 18 साल के बेटे को भी मौत के घाट उतार दिया। मां का शव घर के बाथरूम में मिला, जबकि बेटे की लाश सुनसान सड़क के किनारे पड़ी थी। सूरजपुर जिले के इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को 13 दिन लग गए। आखिरकार मृतिका की सहेली का पति ही दोनों हत्याओं का आरोपी निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें:- आतंकवाद के खिलाफ भारत-पोलैंड साथ, PM टस्क ने की पहलगाम हमले की कड़ी निंदा, यूक्रेन युद्ध और वैश्विक चुनौतियों पर भी चर्चा
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपना कर्ज चुकाने के लिए शिक्षिका से पैसे मांगे थे, जिससे इनकार करने पर उसने हत्या की साजिश रची और फिर सबूत मिटाने के लिए उसके बेटे को भी मार डाला। आरोपी की पहचान परवेश उर्फ प्रवेश कुमार (36) के रूप में हुई है। वह मृतिका रजनी बरेठ की सहेली का पति है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का रजनी के घर आना-जाना था, इसी परिचय का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिश्रामपुर, जयनगर और अंबिकापुर की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से जांच की। साइबर सेल की मदद से संदिग्धों से पूछताछ की गई, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मोबाइल लोकेशन की पड़ताल की गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। 22 अक्टूबर को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने दोनों हत्याओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
सड़क किनारे मिला था 18 साल के बेटे का शव
मामले का खुलासा 10 अक्टूबर की सुबह हुआ, जब जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से जुड़ी ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र सुजल बरेठ के रूप में हुई। शुरुआती जांच में ही हत्या की आशंका सामने आई। पुलिस को सुजल की स्कूटी उसके घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। इस सुराग के बाद पुलिस युवक के घर पहुंची, लेकिन वहां मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। सुजल की मां रजनी बरेठ का भी कोई पता नहीं चल रहा था। इसके बाद पुलिस ने रिश्तेदारों को बुलाया और उनकी मौजूदगी में घर का ताला खुलवाया। घर के अंदर बाथरूम में रजनी का शव मिलने से मामला दोहरे हत्याकांड में बदल गया। रजनी बरेठ (40) बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी। पति से करीब पांच साल पहले तलाक होने के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में किराए के मकान में रहती थी। (Surajpur Murder Case)
बाथरूम में मिला था शिक्षिका का शव
मां-बेटे की इस तरह हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना था कि आखिर दोनों की हत्या किसने और क्यों की। शुरुआती तौर पर मामले में कोई स्पष्ट सुराग नहीं था। लिहाजा पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और डॉग स्क्वायड की मदद भी ली। इसके साथ ही मृतकों के परिचितों, आसपास के लोगों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रवेश कुमार ने मोटर-पार्ट्स के कारोबार के लिए करीब 20 लाख रुपए का लोन लिया था। उसे कर्ज की किस्त चुकाने के लिए पैसों की जरूरत थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी को जानकारी थी कि रजनी बरेठ ने भी करीब 19 लाख रुपए का लोन लिया हुआ है। इसी वजह से उसने रजनी से पैसे मांगने की योजना बनाई। आरोपी की पत्नी और रजनी एक ही स्कूल में शिक्षिका थी। इसी परिचय के कारण प्रवेश का रजनी के घर आना-जाना था और उसे उनके घर के साथ दिनचर्या की जानकारी थी।
पैसे देने से इनकार किया तो कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पत्नी को लेकर रजनी के तंज कसने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस के अनुसार हत्या की मुख्य वजह पैसों का विवाद और कर्ज चुकाने की जरूरत थी। पुलिस के अनुसार 9 अक्टूबर की दोपहर प्रवेश पैदल रजनी के घर पहुंचा। शाम को जब रजनी ड्यूटी से लौटी, तब उनका बेटा सुजल ट्यूशन के लिए घर से निकल गया। इसी दौरान प्रवेश ने रजनी से पैसे मांगे, लेकिन उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में प्रवेश ने रजनी के साथ झूमाझटकी की। जब वह बचने के लिए भागने लगी तो आरोपी उन्हें बाथरूम की ओर ले गया। वहां उसने शैंपू की बोतल से उनके सिर पर वार किया और फिर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को बाथरूम में ही छोड़ दिया और वहां से निकल गया। रजनी की हत्या के बाद आरोपी को डर था कि सुजल को उसके घर आने और मां के साथ मौजूद होने की जानकारी थी।
जंगल में गला कसने की कोशिश, फिर सिर और सीने पर वार
पुलिस के मुताबिक इसी डर से उसने सुजल को भी रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपी रजनी के घर जाने वाले रास्ते के तिराहे पर करीब तीन घंटे तक सुजल का इंतजार करता रहा। रात करीब नौ बजे सुजल वहां पहुंचा तो आरोपी ने उससे कहा कि उसकी मां उसके घर पर हैं। इस बहाने वह सुजल को अपनी कार में बैठाकर ले गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी उसे कार से अंबिकापुर की ओर ले गया और रास्ते में मैगी भी खिलाई। इसके बाद वह सुजल को राईं जंगल की ओर ले गया। जंगल में आरोपी ने बाथरूम जाने के बहाने गाड़ी रोकी। वहां उसने सुजल के गले में स्टॉक कसकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। सुजल ने खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने सड़क किनारे पड़े सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण सुजल की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को कार में रखा और कालीघाट की ओर ले गया। पुलिस के मुताबिक उसने ग्रामीण सड़क के किनारे शव को फेंक दिया, ताकि वारदात का संबंध रजनी के घर से जोड़ना मुश्किल हो जाए। इस तरह एक ही रात में मां और बेटे दोनों की हत्या कर दी गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
दोनों हत्याओं के बाद पुलिस के सामने आरोपी की पहचान करना बड़ी चुनौती थी। मामला ब्लाइंड मर्डर का होने के कारण साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीमों ने अलग-अलग पहलुओं पर जांच की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों की गतिविधियों के साथ उनकी मोबाइल लोकेशन की भी पड़ताल की गई। जांच के दौरान रजनी के घर की ओर जाते एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां सामने आईं। पुलिस को प्रवेश कुमार की भूमिका संदिग्ध लगी। इसके बाद जब उससे पूछताछ की गई तो पुलिस के अनुसार उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन भी कराया, ताकि हत्या के घटनाक्रम को समझा जा सके। SP योगेश पटेल के मुताबिक पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल, ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। (Surajpur Murder Case)

पुलिस ने बताया कि आरोपी परवेश कुमार आर्थिक तंगी और व्यापार में हुए भारी नुकसान से जूझ रहा था। बैंक के कर्ज का दबाव लगातार बढ़ रहा था। इसी बीच उसे पता चला कि रजनी बरेट का होम लोन हाल ही में मंजूर हुआ है। आरोपी को शक था कि लोन की रकम घर में रखी होगी। इसी लालच में उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने सबसे पहले घर की रेकी की और फिर सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए सिर छिपाकर घर में दाखिल हुआ। घर में पहले उसे सुजल मिला, जबकि कुछ देर बाद रजनी भी घर पहुंच गईं। सुजल के कोचिंग जाने के बाद आरोपी ने शाम करीब 6 बजे रजनी का पैर से गला दबाकर हत्या कर दी और घर के रखे बैंक पासबुक चेक समेत कुछ ज्वेलरी अपने साथ रख लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी घर में ही सुजल के लौटने का इंतजार करता रहा। रात करीब 9 बजे सुजल घर के पास पहुंचा तो आरोपी ने उसे बाहर खाने और पार्टी करने का लालच दिया।
60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की जांच
SP योगेश पटेल ने बताया कि आरोपी ने उसे शराब पिलाया और नाश्ता कराने के बाद एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां पत्थर से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सुजल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को कार में रखा और कालीघाट के पास सुनसान जगह पर फेंक दिया। डबल मर्डर से हड़कंप मचने के बाद पुलिस ने करीब 6 टीमों को जांच में लगाया। अंबिकापुर रेंज साइबर टीम, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। स्थानीय स्तर पर पूछताछ से लेकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल टावर डंप और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जां की गई। पुलिस ने करीब 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों के चौबीस घंटे के फुटेज खंगाले। हर गतिविधि, हर संदिग्ध आवाजाही और हर सुराग को जोड़ने की कोशिश की गई। इसी तकनीकी जांच और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। आरोपी परवेश कुमार मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है, जो बिश्रामपुर इलाके में रहता था। (Surajpur Murder Case)
कर्ज चुकाने की चाहत में उजड़ गया पूरा परिवार
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि इस हत्याकांड में रजनी की सहेली की भूमिका सामने नहीं आई है। सहेली के पति पर ही हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले रेकी की और फिर पैसों के विवाद के बाद दोनों हत्याओं को अंजाम दिया। इस दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि पैसों का लालच इंसान को किस हद तक गिरा सकता है, जिस महिला के घर आरोपी का परिचय और आना-जाना था, उसी की जान लेने का आरोप उस पर लगा है और जब लगा कि उसका अपराध सामने आ सकता है तो उसने 18 साल के युवक की जिंदगी भी छीन ली। पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझा ली है और आरोपी अब न्यायिक प्रक्रिया का सामना करेगा, लेकिन रजनी बरेठ और सुजल बरेठ की हत्या ने पीछे ऐसा खालीपन छोड़ दिया है, जिसकी भरपाई किसी गिरफ्तारी से नहीं हो सकती। करीब 20 लाख रुपए के कर्ज की किस्त चुकाने की जरूरत से शुरू हुई यह कहानी आखिर दो जिंदगियों के अंत और एक परिवार के पूरी तरह उजड़ने पर खत्म हुई।




