सड़क के बीच नशे में युवक का नागिन डांस, देखने जुटे राहगीर; पुलिस ने संभाला मोर्चा
Surajpur Viral Video : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में नशे में धुत एक युवक का सड़क के बीच नागिन डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक ने कोतवाली थाना के सामने एनएच-43 पर काफी देर तक डांस किया। युवक की हरकत देखकर सड़क से गुजर रहे राहगीर और वाहन चालक भी कुछ देर के लिए रुककर उसे देखने लगे। इस दौरान सड़क पर यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई।
वायरल वीडियो में युवक नशे की हालत में सड़क के बीचों-बीच अजीबोगरीब अंदाज में डांस करता नजर आ रहा है। कभी वह जमीन पर झुकता तो कभी उठकर नागिन की तरह बलखाते हुए डांस करता दिखाई देता है। सड़क से गुजर रहे लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। (Surajpur Viral Video)
पुलिसकर्मी ने बीच सड़क से हटाया
युवक का डांस काफी देर तक जारी रहा। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप किया और युवक को पकड़कर सड़क से हटाया। पुलिसकर्मी ने उसे सड़क किनारे किया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच चर्चा है। सड़क के बीच इस तरह की हरकत से किसी हादसे की आशंका भी बनी हुई थी। घटना को लेकर पुलिस की ओर से युवक के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। (Surajpur Viral Video)



