Google Analytics —— Meta Pixel

Surguja murder mystery: तीन माह बाद भी नहीं सुलझी रजपुरी हत्याकांड की गुत्थी, सुराग देने पर 5 हजार का इनाम घोषित

Surguja murder mystery: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजपुरी में तीन महीने पूर्व हुई महिला की नृशंस हत्या का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले में सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने हत्यारे की सूचना देने पर 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रजपुरी निवासी मुनेश्वरी राजवाड़े उर्फ आशा राजवाड़े (45) की लाश 30 अप्रैल 2025 को उसके घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिली थी। हत्या धारदार हथियार से की गई थी।

यह भी पढ़ें:- SECL Kusmunda protest: एसईसीएल कार्यालय के बाहर भू-विस्थापित महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन

हत्या के पहले मुनेश्वरी अपने बेटे गोलू राजवाड़े (18) के साथ मायके ग्राम पुहपुटरा गई थी। 29 अप्रैल को वह अकेली वापस रजपुरी आई, जबकि बेटा वहीं रुक गया था। 30 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे जब गोलू घर पहुंचा तो उसने मां की लाश बिस्तर पर देखी और पुलिस को सूचना दी। (Surguja murder mystery)

फॉरेंसिक जांच में सामने आया है कि हत्या के वक्त मुनेश्वरी सो रही थी। घर में संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं। दीवार पर खून के छींटे पाए गए हैं और गले पर धारदार हथियार से तीन से चार वार किए गए थे। हत्या के बाद शव को कंबल से ढंक दिया गया था। (Surguja murder mystery)

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुनेश्वरी का पति कई साल पहले उसे छोड़ चुका था। वह अपने छोटे बेटे के साथ ही घर में रहती थी, जबकि बड़ा बेटा पास के गांव में घर-जमाई के रूप में रहता है।

पुलिस की कई कोशिशों के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। इसे अंधा हत्याकांड माना जा रहा है। इसी कारण सरगुजा पुलिस ने आम जनता से मदद की अपील करते हुए सुराग देने पर इनाम घोषित किया है। (Surguja murder mystery)

Back to top button
error: Content is protected !!