Google Analytics —— Meta Pixel

छठ पर्व के आराध्य देवता हैं सूर्य, जानिए उनकी उत्पत्ति की अद्भुत कहानी

Chhath Puja / पंडित यशस्वी योगेन्द्र शर्मा ज्योतिषाचार्य : छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। लोक आस्था के इस (Chhath Puja)पर्व में व्रत छठी मइया का होता है और पूजा सूर्यदेव की की जाती है। यही कारण है कि सूर्य को इस पर्व का मुख्य आराध्य देवता माना गया है। वैदिक ग्रंथों में सूर्य को आदित्यों में सबसे बड़ा और वैदिक युग का प्रथम देवता बताया गया है।

यह भी पढ़े :- रायपुर में दिवाली पर वक्फ बोर्ड ने तीन हिंदू परिवारों को भेजा नोटिस, प्रदेश में गरमाई सियासत  

ऋग्वेद में सूर्य का उल्लेख – ‘हिरण्यगर्भ’ का रहस्य

ऋग्वेद के दशम मंडल में सूर्य की उत्पत्ति का उल्लेख हिरण्यगर्भ सूत्र के रूप में मिलता है—

“हिरण्यगर्भः समवर्तताग्रे भूतस्य जातः पतिरेक आसीत्।
स दाधार पृथिवीं द्यामुतेमां कस्मै देवाय हविषा विधेम॥”
(ऋग्वेद 10-121-1)

इस श्लोक में ‘हिरण्यगर्भ’ शब्द का अर्थ है सुनहरा अंडा या ब्रह्मांड रूपी पिंड। कहा गया है कि सृष्टि एक ऊर्जा-गर्भ से उत्पन्न हुई, जिसके विस्फोट से ही धरती, जल, अग्नि, वायु, आकाश और सूर्य जैसे खगोलीय पिंड बने। यह वर्णन आधुनिक ‘बिग बैंग थ्योरी’ से मेल खाता है।

सूर्य – जीवन को धारण करने वाला पिंड

वेदों में कहा गया है कि सूर्य ही वह पिंड हैं, जिसके भीतर जीवन का स्रोत निहित था। ‘हिरण्य’ का अर्थ होता है सुनहरा या उज्ज्वल — इसी कारण सूर्य को हिरण्यगर्भ कहा गया। सूर्य को धरती और आकाश को धारण करने वाला, प्रकाश और ऊर्जा का मूल माना गया है।

विष्णु पुराण के अनुसार सूर्य का जन्म

विष्णु पुराण में वर्णन है कि जब विराट पुरुष (विष्णु का विराट स्वरूप) क्षीर सागर में स्थित थे, तब उनकी आंखों से निकले प्रकाश से सूर्य उत्पन्न हुए और उनके मन से चंद्रमा।
यजुर्वेद में यह कहा गया है –
“चन्द्रमा मनसो जातः चक्षोः सूर्यो अजायत।”
अर्थात, विराट पुरुष के मन से चंद्रमा और नेत्रों से सूर्य उत्पन्न हुए।
इसी कारण सूर्य को सूर्य नारायण कहा जाता है, क्योंकि वे भगवान विष्णु के तेजस्वी स्वरूप हैं।

सूर्य नारायण – सभी देवताओं के समान पूजनीय

वेदों में कहा गया है —
“आकाशात् पतितं तोयं यथा गच्छति सागरम्,
सर्वदेवनमस्कारः केशवं प्रति गच्छति।”

अर्थात, जैसे आकाश से गिरा जल सागर में मिल जाता है, वैसे ही सभी देवताओं को किया गया नमस्कार नारायण (विष्णु) तक पहुंचता है।
ब्रह्म पुराण में भी सूर्य के तेज और प्रभाव का उल्लेख मिलता है —
“मानसं वाचिकं वापि कायजं यच्च दुष्कृतम्,
सर्वं सूर्य प्रसादेन तदशेषं व्यपोहति।”
अर्थात सूर्य की कृपा से मन, वाणी और कर्म से किए गए सभी पाप नष्ट हो जाते हैं।

अदिति पुत्र और आदित्यों में प्रमुख सूर्य

पुराणों के अनुसार जब देवता दैत्यों से पराजित हुए, तो वे अपनी माता अदिति के पास पहुंचे। अदिति ने सूर्य की आराधना की और सूर्य ने उन्हें पुत्र रूप में जन्म लेने का वरदान दिया। इसी कारण सूर्य का एक नाम आदित्य पड़ा।
अदिति के 12 पुत्रों को आदित्य कहा गया है — जिनमें सूर्य सबसे बड़े और तेजस्वी माने गए हैं।

तप, त्याग और जीवन के प्रतीक सूर्य

देवताओं के राजा भले ही इंद्र हों, लेकिन सूर्य को उनके तप, त्याग और निरंतरता के कारण ईश्वर तुल्य दर्जा प्राप्त है। सूर्य जीवन, अनुशासन और ऊर्जा के प्रतीक हैं — और यही कारण है कि छठ जैसे पर्वों में उगते और डूबते सूर्य दोनों की पूजा की जाती है। यह जीवन के आरंभ और अंत — दोनों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। (Chhath Puja)

यह लेख केवल सामान्य जानकारी और अध्ययन हेतु है। इसमें दी गई बातें पारंपरिक मान्यताओं, धार्मिक ग्रंथों, लोककथाओं व अन्य स्रोतों पर आधारित हो सकती हैं, जिनकी व्याख्या समय, स्थान और व्यक्ति अनुसार बदल सकती है। पाठक इसे अपने विवेक व श्रद्धा से ग्रहण करें और आवश्यक होने पर विद्वानों/गुरुजनों से परामर्श लें।

Back to top button
error: Content is protected !!